हिमाचल-कश्मीर में बर्फबारी से पंजाब में बदला मौसम, जानें कैसा रहेगा आने वाले दिनों का हाल
punjabkesari.in Saturday, Nov 14, 2026 - 11:39 AM (IST)
जालंधर (पुनीत): महानगर में मौसम ने ठंडक के साथ करवट ली है। शुक्रवार सुबह आसमान में छाए बादलों के बीच कुछ देर हलकी बारिश हुई, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की गई। अचानक हुई बारिश के कारण सुबह अपने कामकाज के लिए घरों से निकले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। कई दोपहिया वाहन चालक और राहगीर बारिश में भीगते हुए अपने गंतव्य तक पहुंचे। हालांकि बारिश कुछ देर बाद रुक गई, लेकिन आसमान में बादल छाए रहने से मौसम में ठंडक महसूस की गई।
मौसम में आए इस बदलाव का असर लोगों की दिनचर्या पर भी देखने को मिला। सुबह के समय सड़कों पर आवाजाही करने वाले लोगों को बारिश से बचने के लिए इधर-उधर छत का सहारा लेते देखा गया। वहीं, दोपहिया वाहन चालकों को बारिश के बीच ही अपने काम पर जाना पड़ा। बारिश के बाद मौसम सुहावना हो गया और गर्मी से भी कुछ राहत मिली।
मौसम में आए बदलाव का एक प्रमुख कारण पहाड़ी क्षेत्रों में हो रही बर्फबारी बताया जा रहा है। हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर के ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी होने से मैदानी क्षेत्रों की ओर आने वाली हवाओं में ठंडक बढ़ गई है। इसका असर पंजाब सहित आसपास के क्षेत्रों में भी महसूस किया जा रहा है। पिछले कुछ दिनों से मौसम में लगातार बदलाव देखने को मिल रहा है और सुबह तथा शाम के समय ठंड का एहसास बढ़ने लगा है।
मौसम के पूर्वानुमान के अनुसार आने वाले 1-2 दिनों तक आसमान में बादल छाए रहने की संभावना है। इस दौरान कुछ स्थानों पर हल्की बारिश भी हो सकती है। बादलों और ठंडी हवाओं के कारण तापमान में उतार-चढ़ाव जारी रहने की उम्मीद है। मौसम में बदलाव के चलते सुबह और शाम के समय ठंडक बढ़ सकती है, जबकि दिन के समय धूप निकलने से कुछ राहत मिल सकती है।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

