अमित शाह या CBI का डर? अश्विनी शर्मा के तीखे सवालों ने घेरी पंजाब सरकार
punjabkesari.in Tuesday, Mar 24, 2026 - 05:03 PM (IST)
चंडीगढ़: अमृतसर में वेयरहाउस के जिला मैनेजर डॉ. गगनदीप सिंह रंधावा की आत्महत्या मामले को लेकर पंजाब भाजपा के कार्यकारी अध्यक्ष अश्वनी शर्मा ने पंजाब सरकार को घेरा है। अश्वनी शर्मा ने कहा कि इस मामले में तुरंत विधायक लालजीत सिंह भुल्लर की गिरफ्तारी न होना इस बात का सबूत है कि सरकार उसे बचाने की कोशिश कर रही थी। उन्होंने कहा कि जब पंजाब के एक सांसद ने संसद में इस मुद्दे को उठाया, तो गृह मंत्री अमित शाह ने तुरंत सांसदों को CBI जांच के आदेश देने के लिए कहा। इसका असर आधे घंटे के भीतर ही दिखा, जिसके बाद लालजीत सिंह भुल्लर की गिरफ्तारी हुई। इसका मतलब है कि सरकार कुछ छुपाना चाहती थी।
उन्होंने कहा कि रंधावा परिवार द्वारा लगाए जा रहे आरोपों से यह स्पष्ट होता है कि यदि इस केस की CBI जांच होती है, तो सरकार के कई मंत्री और विधायक मुश्किल में पड़ सकते हैं। इसके अलावा कई परतें भी खुलेंगी। इसके अलावा लालजीत भुल्लर के किन-किन गैंगस्टरों से संबंध हैं, इसका भी पता CBI जांच के बाद ही चल पाएगा। उन्होंने कहा कि अमित शाह के बयान के बाद डर के कारण ही लालजीत भुल्लर की गिरफ्तारी हुई। विरोधी दलों ने एकजुट होकर रंधावा परिवार को न्याय दिलाने की बात कही है। उन्होंने कहा कि एक अफसर तो चला गया, लेकिन पता नहीं कितने ऐसे अफसर हैं, जो दबाव में रहकर अपना काम कर रहे हैं।
अश्वनी शर्मा ने अरविंद केजरीवाल पर निशाना साधते हुए कहा कि केजरीवाल किसी दूसरे राज्य में बयान दे रहे थे कि जब से उनकी सरकार बनी है, किसी किसान की आत्महत्या का मामला सामने नहीं आया। लेकिन पिछले ही दिन कोटकपुरा में दो भाईयों ने कर्ज के कारण रेलवे के नीचे आकर आत्महत्या कर ली। अगर इस सरकार ने किसानों के साथ किए अपने वादे निभाए होते, तो ये आत्महत्याएं नहीं होतीं। यह झूठ बोलने, माफी मांगने और भागने वाले लोग हैं, देश इनके बोलने से नहीं चलता, देश काम से चलता है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ पूरा देश खड़ा है।

