पंजाब विधानसभा चुनाव 2027: BJP ने दो कमेटियों का किया गठन, खन्ना और जाखड़ को मिली अहम जिम्मेदारी

punjabkesari.in Sunday, Nov 15, 2026 - 08:26 PM (IST)

पंजाब डेस्क : भारतीय जनता पार्टी पंजाब के प्रदेश अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों ने पंजाब विधानसभा चुनाव 2027 के लिए प्रदेश मेनिफेस्टो कमेटी और प्रदेश चार्जशीट कमेटी का गठन किया है। केवल सिंह ढिल्लों के हस्ताक्षर से जारी पत्र के अनुसार, इन दोनों कमेटियों में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं को महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। इन महत्वपूर्ण नियुक्तियों की घोषणा करते हुए केवल सिंह ढिल्लों ने कहा कि आने वाले कुछ दिनों में कुछ अन्य महत्वपूर्ण कमेटियों की भी घोषणा की जाएगी।

मेनिफेस्टो कमेटी की कमान अविनाश राय खन्ना को

पार्टी कार्यालय द्वारा जारी प्रेस बयान के अनुसार, प्रदेश मेनिफेस्टो कमेटी के चेयरमैन की जिम्मेदारी पूर्व प्रदेश अध्यक्ष और पूर्व राज्यसभा सांसद अविनाश राय खन्ना को सौंपी गई है। इस कमेटी में मनप्रीत सिंह बादल, अश्वनी शर्मा, मनोरंजन कालिया, सोम प्रकाश, राणा गुरमीत सिंह सोढ़ी, अश्वनी सेखड़ी, सतनाम सिंह संधू, राघव चड्ढा, राजिंदर गुप्ता, हरभजन सिंह, श्रीमती परमपाल कौर और एडवोकेट एच.एस. फूलका को सदस्य के रूप में शामिल किया गया है। इस प्रकार मेनिफेस्टो कमेटी में कुल 13 सदस्य हैं, जिनमें पंजाब के पूर्व मंत्रियों, पूर्व विधायकों, सांसदों और पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारियों को स्थान दिया गया है।

चार्जशीट कमेटी के चेयरमैन होंगे सुनील जाखड़

प्रेस बयान के अनुसार, प्रदेश चार्जशीट कमेटी का चेयरमैन पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं पूर्व सांसद सुनील जाखड़ को नियुक्त किया गया है। चार्जशीट कमेटी के सदस्यों के रूप में इकबाल सिंह लालपुरा, विजय सांपला, श्वेत मलिक, महारानी परनीत कौर, रवनीत सिंह बिट्टू, दिनेश बब्बू, सुशील रिंकू, गेजा राम, विक्रमजीत सिंह साहनी, अशोक मित्तल, संदीप पाठक, एस.एस. चन्नी और जगमीत सिंह बराड़ को शामिल किया गया है।

इस कमेटी में कुल 14 सदस्य हैं। इसमें भी पंजाब और राष्ट्रीय स्तर के अनुभवी राजनीतिक नेताओं को जिम्मेदारी सौंपी गई है। दोनों कमेटियों के गठन को पंजाब विधानसभा चुनाव 2027 के लिए भाजपा की तैयारियों के एक महत्वपूर्ण चरण के रूप में देखा जा रहा है। मेनिफेस्टो कमेटी में वरिष्ठ नेताओं को शामिल करके पार्टी के चुनावी घोषणा पत्र की तैयारी के लिए उनके अनुभव और विभिन्न क्षेत्रों के प्रतिनिधित्व को एक मंच पर लाया गया है, जबकि चार्जशीट कमेटी में भी वरिष्ठ नेताओं को शामिल कर उन्हें अलग जिम्मेदारी सौंपी गई है।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

VANSH Sharma

Related News