जालंधर पहुंचे BJP प्रभारी सतीश पूनिया, नेताओं-कार्यकर्ताओं संग बनाई चुनावी रणनीति

punjabkesari.in Tuesday, Sep 01, 2026 - 12:21 PM (IST)

जालंधर: पंजाब में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक दलों ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी सिलसिले में पंजाब भाजपा प्रभारी डॉ. सतीश पूनिया तीन दिवसीय पंजाब दौरे पर पहुंचे हैं। जालंधर में भाजपा कार्यालय में आयोजित बैठक और वर्कशॉप के दौरान उन्होंने पार्टी की आगामी रणनीति को लेकर नेताओं और कार्यकर्ताओं से चर्चा की।

मीडिया से बातचीत में सतीश पूनिया ने कहा कि भाजपा का फोकस पंजाब में संगठन को मजबूत करने और जमीनी स्तर पर कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने पर है। उन्होंने कहा कि पार्टी संगठन, विचारधारा और जनता के समर्थन के जरिए पंजाब में सरकार बनाने के लक्ष्य के साथ आगे बढ़ रही है।

संगठन को मजबूत करने पर जोर

सतीश पूनिया ने कहा कि पंजाब दौरे के दौरान पार्टी की अलग-अलग संगठनात्मक गतिविधियों और आगामी कार्यक्रमों को लेकर मंथन किया जा रहा है। इससे पहले भाजपा के राष्ट्रीय संगठन से जुड़े नेता बीएल संतोष और केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान भी पंजाब का दौरा कर चुके हैं। उन्होंने बताया कि भाजपा की ओर से 17 सितंबर से 'सेवा संकल्प अभियान' शुरू किया जाएगा, जो 17 अक्टूबर तक चलेगा। इस दौरान सामाजिक सरोकारों से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

पीएम मोदी के 25 साल पूरे होने पर कार्यक्रम

सतीश पूनिया ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि लंबे समय से सेवा के क्षेत्र में सक्रिय प्रधानमंत्री मोदी के कार्यकाल के दौरान कई जनकल्याणकारी योजनाएं लागू हुई हैं, जिनसे लोगों के जीवन में बदलाव आया है। इसी कड़ी में भाजपा कार्यकर्ताओं को सामाजिक गतिविधियों से जोड़ने और विभिन्न कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार करने के लिए जालंधर में वर्कशॉप आयोजित की गई।

अकाली दल से गठबंधन पर साफ किया रुख

भाजपा और अकाली दल के बीच संभावित गठबंधन को लेकर पूछे गए सवाल पर सतीश पूनिया ने स्पष्ट किया कि भाजपा पंजाब की सभी 117 विधानसभा सीटों पर अपने दम पर चुनाव लड़ने की तैयारी कर रही है। सज्जन सिंह के घर शोक व्यक्त करने पहुंचे तीन सांसदों को लेकर उठे विवाद पर भी सतीश पूनिया ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कांग्रेस पर सिखों के कत्लेआम को लेकर गंभीर आरोप लगाए और कहा कि पार्टी ने तीन सांसदों के सज्जन सिंह के घर जाने की निंदा की है। उन्होंने दावा किया कि इस मामले में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने भी संबंधित नेताओं को फटकार लगाई थी।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Urmila

Related News