लुधियाना उपचुनाव के लिए BJP ने तेज की तैयारी, 8 संभावित उम्मीदवारों की सूची तैयार
punjabkesari.in Saturday, Apr 26, 2025 - 09:20 PM (IST)

जालंधर : लुधियाना उपचुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी ने संभावित उम्मीदवारों के चयन की प्रक्रिया तेज कर दी है। पार्टी ने जमीनी हकीकत और वोटरों की नब्ज को समझते हुए जीत सुनिश्चित करने वाली रणनीति के तहत अपने उम्मीदवार के ऐलान की तैयारी कर ली है। चंडीगढ़ में 22 अप्रैल को हुई प्रदेश स्तरीय बैठक में भाजपा ने इस बात पर जोर दिया कि जनता की पसंद को प्राथमिकता दी जाए। उच्चस्तरीय विचार-विमर्श के बाद पहले 12 संभावित उम्मीदवारों की सूची तैयार की गई थी, जिसे अब संक्षिप्त करते हुए 8 नामों पर फोकस कर दिया गया है। इनमें सबसे आगे अमरजीत सिंह टिक्का का नाम चल रहा है।
सूत्रों के अनुसार, अमरजीत टिक्का को हलके में सक्रिय और वोटरों के साथ सीधा संपर्क रखने वाले नेता के रूप में देखा जा रहा है। सूची में शामिल अन्य नामों में बिक्रम सिंह सिद्धू, अमरीक सिंह अदलीवाल, राशी अग्रवाल, रेनू थापर, अनिल सरीन, जीवन गुप्ता, हरकेश मित्तल और संजय महिंदरू शामिल हैं। भाजपा ने अभी आधिकारिक तौर पर उम्मीदवार का ऐलान नहीं किया है, लेकिन पार्टी की तेज गतिविधियों से संकेत मिलते हैं कि अगले दो-तीन दिनों में फैसला हो सकता है।
केंद्रीय मंत्री और लुधियाना से सांसद रवनीत सिंह बिट्टू की गतिविधियां भी क्षेत्र में तेज हो गई हैं। बिट्टू ने इस सीट को जीतकर पंजाब में भाजपा की मजबूती का संदेश देने की इच्छा जताई है। उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी से भी इस उपचुनाव को लेकर चर्चा की है, जो इस चुनाव पर नज़र बनाए हुए हैं।