राखी महासम्मेलन में उमड़ा बहनों का जनसैलाब, BJP नेता अक्षय शर्मा ने 2027 के लिए दिखाई ताकत

punjabkesari.in Tuesday, Aug 25, 2026 - 06:12 PM (IST)

अमृतसर (रमन): हलका उत्तरी से भाजपा नेता अक्षय शर्मा की ओर से आयोजित राखी महासम्मेलन में बड़ी संख्या में महिलाओं और परिवारों ने पहुंचकर अपनी मौजूदगी दर्ज करवाई। अमृतसर के गोल्डन व्यू रिजॉर्ट में आयोजित इस कार्यक्रम में हजारों महिलाओं के पहुंचने से पूरा परिसर उत्सवी माहौल में नजर आया। कार्यक्रम को अक्षय शर्मा के 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों से जोड़कर भी देखा जा रहा है।

PunjabKesari

राखी महासम्मेलन के दौरान महिलाओं में खासा उत्साह देखने को मिला। अक्षय शर्मा ने कार्यक्रम में पहुंची बहनों से राखी बंधवाई और उनका आशीर्वाद लिया। उन्होंने कहा कि बहनों का प्यार और विश्वास उनके लिए किसी भी राजनीतिक ताकत से कहीं बड़ा है और वह हमेशा अपने क्षेत्र के लोगों के साथ खड़े रहेंगे। कार्यक्रम में महिलाओं की भारी भीड़ ने इसे महज राखी समारोह के बजाय एक बड़े जनसंपर्क कार्यक्रम का रूप दे दिया। समर्थकों की ओर से दावा किया गया कि सम्मेलन में 10 हजार से अधिक महिलाएं पहुंचीं। बड़ी संख्या में महिलाओं और परिवारों की मौजूदगी को हलका उत्तरी में अक्षय शर्मा की सक्रियता और जनसंपर्क अभियान के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

PunjabKesari

अक्षय शर्मा ने इस दौरान महिलाओं से व्यक्तिगत रूप से मुलाकात की और उनसे राखी बंधवाई। कई महिलाओं ने उन्हें अपना भाई बताते हुए उनके उज्ज्वल राजनीतिक भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम में महिलाओं का उत्साह और अक्षय शर्मा के प्रति दिखाई दिया अपनापन पूरे आयोजन का मुख्य आकर्षण रहा। राजनीतिक तौर पर देखें तो 2027 विधानसभा चुनाव में अभी समय है, लेकिन हलका उत्तरी में संभावित दावेदारों की सक्रियता लगातार बढ़ रही है। ऐसे में अक्षय शर्मा का यह विशाल राखी सम्मेलन उनकी चुनावी तैयारियों और संगठनात्मक सक्रियता के लिहाज से अहम माना जा रहा है।

राखी के भावनात्मक रिश्ते को जनसंपर्क से जोड़ते हुए अक्षय शर्मा ने महिलाओं के बीच अपनी पहुंच मजबूत करने का प्रयास किया। सम्मेलन में उमड़ी भीड़ ने जहां समर्थकों में उत्साह पैदा किया, वहीं हलका उत्तरी की आगामी सियासत को लेकर भी चर्चाओं का दौर तेज कर दिया है। अब देखना होगा कि राखी महासम्मेलन में दिखाई गई यह भीड़ और समर्थन 2027 के विधानसभा चुनाव तक किस तरह राजनीतिक समर्थन में बदलता है।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Kamini