Punjab : शिवसेना नेता को परिवार सहित बम से उड़ाने की धमकी, जांच में जुटी पुलिस

punjabkesari.in Monday, Oct 12, 2026 - 12:16 AM (IST)

अमृतसर  (जशन) : शिव सेना टकसाली (सुधीर सूरी) के राष्ट्रीय अध्यक्ष ब्रिज मोहन सूरी ने आरोप लगाया है कि उन्हें विदेशी मोबाइल नंबरों से जान से मारने और उनके पूरे परिवार को निशाना बनाने की धमकियां मिल रही हैं। उनके अनुसार फोन करने वालों ने घर में घुसकर हमला करने, उनकी हत्या करने और बम धमाके से परिवार को खत्म करने की धमकी दी है। इस घटना के बाद उन्होंने अपनी और अपने परिवार की सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता जताई है।

ब्रिज मोहन सूरी के मुताबिक उन्हें दो विदेशी मोबाइल नंबरों से धमकी भरे फोन आए। उनका आरोप है कि फोन करने वालों ने पूरे सूरी परिवार को निशाना बनाने की बात कही और कथित तौर पर चेतावनी दी कि पुलिस सुरक्षा होने के बावजूद वे उनके परिवार को नहीं छोड़ेंगे तथा घर में घुसकर हमला करेंगे।

ब्रिज मोहन सूरी ने बताया कि उनके बड़े भाई की पहले ही गोलियां मारकर हत्या की जा चुकी है। ऐसे में परिवार सहित जान से मारने और बम धमाके की धमकियां मिलने से उनकी चिंताएं और बढ़ गई हैं। उन्होंने कहा कि इस तरह की धमकियों को गंभीरता से लिया जाना चाहिए, ताकि किसी भी अप्रिय घटना को समय रहते रोका जा सके। उन्होंने पुलिस प्रशासन से मांग की कि मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल जांच शुरू की जाए और धमकी देने वालों की पहचान कर उनके खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाए। उन्होंने संबंधित मोबाइल नंबरों की तकनीकी जांच करवाने के साथ-साथ अपने परिवार की सुरक्षा के लिए पर्याप्त इंतजाम करने की भी मांग की।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Subhash Kapoor

Related News