मान सरकार द्वारा लोकतंत्र की हत्या, भाजपा उम्मीदवारों के नामांकन पत्र थोक में किए रद्द : सुनील जाखड़
punjabkesari.in Tuesday, May 19, 2026 - 05:38 PM (IST)
पंजाब डैस्क : भारतीय जनता पार्टी के पंजाब प्रदेश अध्यक्ष सुनील जाखड़ ने आरोप लगाया है कि आम आदमी पार्टी सरकार ने स्थानीय निकाय चुनावों में भाजपा उम्मीदवारों के नामांकन पत्र बड़ी संख्या में रद्द करके लोकतंत्र की हत्या की है। चंडीगढ़ में प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए जाखड़ ने कहा कि पार्टी इस मामले को अदालत में लेकर जाएगी और आप सरकार को किसी भी तरह चुनाव “लूटने” नहीं देगी। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने चुन-चुनकर भाजपा उम्मीदवारों के नामांकन पत्र रद्द किए हैं।
उन्होंने बताया कि बटाला में 21, मोगा में 10, बरनाला में 11 और धूरी में 3 उम्मीदवारों के नामांकन पत्र रद्द किए गए। इसके अलावा अन्य स्थानीय निकाय चुनावों में भी इसी प्रकार की कार्रवाई की गई। उन्होंने कहा कि बिना किसी ठोस आधार के उम्मीदवारों के नामांकन पत्र रद्द किए गए हैं।
जाखड़ ने कहा कि कुछ समय पहले आप नेता Manish Sisodia ने जिस “साम, दाम, दंड, भेद” की राजनीति की बात की थी, मुख्यमंत्री भगवंत मान की सरकार उसी नीति पर चल रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि निष्पक्ष चुनाव कराने के बजाय सरकारी अधिकारी सत्ताधारी दल के एजेंट की तरह काम कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि भाजपा ऐसे अधिकारियों का विवरण एकत्र कर रही है और सरकार के इस “दुरुपयोग” का डटकर विरोध करेगी। जाखड़ ने मुख्यमंत्री को चेतावनी देते हुए कहा कि वे लोकतांत्रिक मर्यादाओं को न भूलें। उन्होंने कहा कि जिन बिजली तारों को अंडरग्राउंड करने की परियोजना का मुख्यमंत्री उद्घाटन कर रहे हैं, उसके टेंडर की भी जांच होनी चाहिए, क्योंकि यह परियोजना उस पूर्व बिजली मंत्री के कार्यकाल में मंजूर हुई थी जो फिलहाल भ्रष्टाचार के आरोपों में जेल में हैं। उन्होंने दावा किया कि सरकार के भ्रष्टाचार से जुड़े कई मामले जल्द सामने आएंगे और चंडीगढ़ के आसपास के सभी सीएलयू मामले जांच एजेंसियों के रडार पर हैं।
किसानों को खाद पर बड़ी सब्सिडी दे रही है केंद्र सरकार
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान जाखड़ ने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार द्वारा किसानों को दी जा रही खाद सब्सिडी का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि खाड़ी युद्ध के कारण अंतरराष्ट्रीय बाजार में डीएपी और यूरिया की कीमतें रिकॉर्ड स्तर तक बढ़ गई हैं, लेकिन इसके बावजूद केंद्र सरकार किसानों को समय पर खाद उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।
उन्होंने कहा कि भारत सरकार एक किलो यूरिया लगभग ₹100 में आयात कर रही है, जबकि किसानों को वही यूरिया मात्र ₹6 प्रति किलो में उपलब्ध कराया जा रहा है। उन्होंने बताया कि मोदी सरकार यूरिया के प्रत्येक बैग पर ₹4250 और डीएपी के प्रत्येक बैग पर ₹3200 की सब्सिडी दे रही है।
जाखड़ ने कहा कि पंजाब में हर साल 6.88 करोड़ बैग यूरिया, और 1.30 करोड़ बैग डीएपी का उपयोग होता है।उन्होंने दावा किया कि इसी दर से देखें तो पंजाब के किसानों को इस वर्ष केवल खाद सब्सिडी के रूप में लगभग ₹32 हजार करोड़ की सहायता मिलेगी।उन्होंने यह भी कहा कि गेहूं-धान उगाने वाले किसानों को मौजूदा दरों के अनुसार प्रति एकड़ लगभग ₹42 हजार की खाद सब्सिडी मिल रही है।
जाखड़ ने दोहराया कि केंद्र सरकार किसानों को खाद की कमी नहीं आने देगी, लेकिन किसानों से अपील की कि वे कृषि विश्वविद्यालयों की सिफारिशों के अनुसार संतुलित और संयमित तरीके से खाद का उपयोग करें ताकि किसानों और सरकार दोनों की बचत हो सके तथा मिट्टी की सेहत भी बनी रहे।
भारत में पेट्रोलियम कीमतों में सबसे कम वृद्धि
एक अन्य सवाल के जवाब में जाखड़ ने मुख्यमंत्री द्वारा फैलाए जा रहे “भ्रम” की आलोचना करते हुए कहा कि भारत में पेट्रोलियम पदार्थों की कीमतों में केवल 3 प्रतिशत वृद्धि हुई है, जबकि पाकिस्तान में 42 प्रतिशत, नेपाल में 39.5 प्रतिशत, अमेरिका में 35 प्रतिशत, यूएई में 40 प्रतिशत, और श्रीलंका में 33 प्रतिशत वृद्धि हुई है।
उन्होंने कहा कि यह प्रधानमंत्री मोदी के कुशल नेतृत्व का परिणाम है कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में खाद और पेट्रोलियम पदार्थों की कीमतों में भारी बढ़ोतरी के बावजूद देश के किसानों को खाद, डीजल और पेट्रोल अपेक्षाकृत कम कीमतों पर उपलब्ध हो रहे हैं। जाखड़ ने कहा कि यह एक वैश्विक संकट है और ऐसे समय में राजनीति करने के बजाय हर नागरिक को बचत और जिम्मेदार खपत में सहयोग करना चाहिए।

