ब्रेकअप से बौखलाया प्रेमी! कॉलेज के बाहर युवती को घेरा, फोन छीना और फिर...
punjabkesari.in Saturday, Jul 25, 2026 - 05:09 PM (IST)
लुधियाना (राज): सोशल मीडिया के जरिए शुरू हुई पहचान के बाद ब्लैकमेलिंग और गुंडागर्दी का एक बेहद गंभीर मामला सामने आया है। रिलेशनशिप खत्म करने से नाराज युवक ने युवती को मानसिक रूप से परेशान करना शुरू कर दिया और उसकी अश्लील तस्वीरें वायरल करने की धमकी देकर ब्लैकमेल किया। आरोपी ने कॉलेज के बाहर युवती को घेरकर उसका फोन भी छीन लिया और उसके परिवार को जान से मारने की धमकियां दीं। इस मामले में पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी अमन वर्मा के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
शिकायतकर्ता के बयान के अनुसार, वर्ष 2024 में इंस्टाग्राम के जरिए उसकी जान-पहचान अमन वर्मा नाम के युवक से हुई थी, जिसके बाद वे लगभग एक साल तक रिलेशनशिप में रहे। वर्ष 2025 में जब पीड़िता ने इस रिश्ते को खत्म करना चाहा, तो अमन वर्मा ने उसे तंग-परेशान करना शुरू कर दिया। आरोपी पीड़िता को जान से मारने की धमकियां देने लगा और उसकी अश्लील तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल करने के नाम पर ब्लैकमेल करने लगा।
हद तो तब हो गई जब बीती 21 जुलाई 2026 को आरोपी पीड़िता के कॉलेज के बाहर पहुंच गया। वहां उसने युवती को उसकी तस्वीरें दिखाकर सरेआम धमकाया और उसका मोबाइल फोन छीन लिया। आरोपी जाते-जाते पीड़िता और उसके पूरे परिवार को जान से मारने की धमकियां देकर मौके से फरार हो गया। पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार कर उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

