लुधियाना में हथियारबंद लुटेरों से अकेला भिड़ गया छात्र, छुड़ाए छक्के

punjabkesari.in Tuesday, Apr 14, 2026 - 01:28 PM (IST)

लुधियाना (राज): महानगर में अपराधियों के हौसले पस्त करने के लिए एक बी-फार्मेसी के छात्र ने अपनी बहादुरी का ऐसा परिचय दिया कि लुटेरों के पसीने छूट गए। मामला 33 फीट रोड स्थित आरपी बिलिंग मटेरियल की दुकान का है, जहां रविवार रात करीब साढ़े आठ बजे तीन बाइक सवार बदमाशों ने लूट की नीयत से धावा बोला। दुकानदार राम नाथ गुप्ता का बेटा मनीष अपनी पढ़ाई के साथ-साथ दुकान में हाथ बंटाता है और उस वक्त वह किसी पार्टी से पेमेंट के सिलसिले में फोन पर व्यस्त था। इसी बीच मौत बनकर आए दो नकाबपोश बदमाश तेजधार हथियारों के साथ दुकान के भीतर दाखिल हुए, जबकि उनका तीसरा साथी बाहर बाइक स्टार्ट कर खड़ा रहा।

PunjabKesari

मनीष ने बताया कि बदमाशों ने अंदर घुसते ही उसे डराया और मोबाइल छीनने की कोशिश की। जब उसने विरोध किया तो लुटेरे गाली-गलौज पर उतर आए और जबरन गल्ले से कैश समेटने लगे। सीसीटीवी फुटेज में कैद तस्वीरों के अनुसार, मनीष डरा नहीं बल्कि उसने सूझबूझ से काम लेते हुए लुटेरों का ध्यान भटकने का इंतजार किया। जैसे ही लुटेरे लूट का सामान लेकर बाहर की तरफ भागे, जांबाज मनीष उनके पीछे लपका और अपनी जान की परवाह किए बिना एक बदमाश को जोर से दबोच लिया। मनीष की हिम्मत देखकर बदमाश घबरा गए और खुद को छुड़ाने के लिए जद्दोजहद करने लगे। जब मनीष ने एक लुटेरे को जमीन पर गिरा दिया, तो बाहर खड़े उनके तीसरे साथी ने अपने दोस्त को बचाने के लिए मनीष पर ईंट-पत्थरों से हमला कर दिया। सिर पर ईंट लगने के डर और अचानक हुए वार के कारण मनीष की पकड़ थोड़ी ढीली पड़ी, जिसका फायदा उठाकर तीनों बदमाश काले रंग की स्प्लेंडर बाइक पर सवार होकर मौके से फरार हो गए। हालांकि मनीष ने अपना फोन तो बचा लिया, लेकिन आरोपी गल्ले से नकदी लेकर भागने में सफल रहे। पीड़ित परिवार अब सीसीटीवी फुटेज लेकर पुलिस के पास इंसाफ की गुहार लगाने पहुंचा है। इलाके में मनीष की इस बहादुरी की जमकर चर्चा हो रही है, जिसने हथियारों के सामने घुटने टेकने के बजाय उनका मुकाबला करना बेहतर समझा।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Kalash

Related News