शादी से एक दिन पहले घोड़ी पर चढ़ी दुल्हन, देखते रह गए लोग
punjabkesari.in Friday, Jan 31, 2020 - 03:16 PM (IST)
होशियारपुर(अमरीक): एक ओर जहां लड़की को कोख में मारा जाता है वहीं दूसरी ओर होशियारपुर के एक परिवार ने अपनी बेटी को शादी से पहले घोड़ी पर चढ़ाकर पूरे देश में अलग ही मिसाल कायम की है।
होशियारपुर के शक्ति नगर में रहने वाले राज कुमार ने अपनी बेटी को शादी से एक दिन पहले घोड़ी पर चढ़ाया। इस संबंधी उन्होंने कहा कि उनका शुरू से ही सपना था कि वह अपनी बेटी की शादी में कुछ अलग करेंगे। उन्होंने अपने परिवार से कहा कि लड़की को लड़कों की तरह घोड़ी पर चढ़ा कर एक अलग रिवाज चलाया जाए और सभी इस बात के लिए मान गए। फिर शादी से एक दिन पहले उन्होंने अपनी बेटी को घोड़ी पर चढ़ा कर पूरे मोहल्ले में घुमाया।
इस संबंधी लड़की की मां ने कहा कि वह भी एक लड़की हैं, इसलिए शुरू से ही उन्होंने लड़कियों और लड़कों में कोई फर्क नहीं किया। लड़कों वाले सभी शौक लड़कियों को करवाए हैं और आज-कल लड़कियों और लड़कों में कोई फर्क नहीं है। उन्होंने कहा कि देखा जाए तो लड़कियां लड़कों से आगे ही हैं।