बठिंडा में अवैध निर्माण पर चला निगम का बुलडोजर, 5 दुकानें ध्वस्त!
punjabkesari.in Friday, Nov 06, 2026 - 06:39 PM (IST)
बठिंडा (विजय वर्मा): शहर में अवैध निर्माण करने वालों को नगर निगम ने साफ संदेश देते हुए बस स्टैंड की बैक साइड रिहायशी इलाके में बनाई जा रही 5 दुकानों को जेसीबी से ध्वस्त कर दिया। हैरानी की बात यह है कि रिहायशी क्षेत्र में 5 दुकानों का निर्माण शुरू कर दिया गया, लेकिन इसके लिए न तो नगर निगम से नक्शा पास करवाया गया और न ही किसी प्रकार की जरूरी अनुमति ली गई। निगम की कार्रवाई से अवैध निर्माण करवाने वालों में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार, बस स्टैंड के पीछे रिहायशी इलाके में नियमों को ताक पर रखकर 5 दुकानों का निर्माण किया जा रहा था। मामले की जानकारी नगर निगम के अधिकारियों तक पहुंची तो निगम कमिश्नर लवजीत कलसी और सीनियर टाउन प्लानर सुरिंदर सिंह बिंदरा ने तुरंत कार्रवाई के निर्देश जारी किए।
इसके बाद बिल्डिंग इंस्पेक्टर अवतार सिंह और हैड ड्राफ्टमैन सतीश मल्होत्रा निगम की टीम तथा जेसीबी मशीन लेकर मौके पर पहुंचे। टीम ने बिना मंजूरी किए जा रहे निर्माण पर कार्रवाई करते हुए पांचों दुकानों को ध्वस्त कर दिया।
रिहायशी इलाके में व्यावसायिक निर्माण पर उठे सवाल
शहर में यह मामला एक बार फिर सवाल खड़ा करता है कि आखिर रिहायशी इलाकों में बिना नक्शा पास करवाए व्यावसायिक निर्माण शुरू करने की हिम्मत कैसे हो जाती है? क्या निर्माण शुरू होने से पहले निगम के संबंधित अधिकारियों को इसकी जानकारी नहीं मिलती या फिर शिकायत मिलने के बाद ही विभाग हरकत में आता है? हालांकि इस मामले में निगम ने समय रहते कार्रवाई करते हुए निर्माण को गिरा दिया।
अब दूसरे इलाकों के अवैध निर्माणों पर कब चलेगा बुलडोजर?
नगर निगम की इस कार्रवाई के बाद शहरवासियों में यह सवाल भी उठने लगा है कि क्या बस स्टैंड के पीछे पांच दुकानों को गिराने तक ही निगम की सख्ती सीमित रहेगी या शहर के अन्य इलाकों में नियमों को ताक पर रखकर खड़ी की जा रही इमारतों पर भी इसी तरह कार्रवाई होगी? शहर में जगह-जगह हो रहे अवैध निर्माणों की जांच कर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई करना निगम के लिए बड़ी चुनौती है। अब देखना होगा कि निगम का बुलडोजर अन्य अवैध निर्माणों तक भी पहुंचता है या कार्रवाई केवल शिकायत सामने आने पर ही होती है।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

