बठिंडा में करवा चौथ की धूम! कहीं फैशन शो तो कहीं गीत-संगीत, सुहागिनों ने ऐसे मनाया त्योहार
punjabkesari.in Thursday, Oct 29, 2026 - 11:03 PM (IST)
बठिंडा (विजय वर्मा): सुहागिनों के प्रमुख त्योहार करवा चौथ को बठिंडा में श्रद्धा, उत्साह और उल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विवाहित महिलाओं ने सोलह शृंगार कर अपने पति की लंबी आयु, सुखी वैवाहिक जीवन तथा परिवार की सुख-शांति और समृद्धि की कामना के साथ निर्जला व्रत रखा। महिलाओं ने दिनभर व्रत रखकर पूजा-अर्चना की और करवा चौथ की कथा सुनी। वहीं, शहर के विभिन्न मंदिरों, धार्मिक स्थलों, कम्युनिटी हॉल, रेस्टोरेंट और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किए गए। पूरे शहर में त्योहार को लेकर उत्साह का माहौल देखने को मिला।
करवा चौथ के अवसर पर पंजाब क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष अमरजीत मेहता और बठिंडा के मेयर पदमजीत मेहता ने अपनी टीम के साथ सुहागिनों के लिए विशेष कार्यक्रम आयोजित किया। इस आयोजन में शहर की महिलाओं को एक स्थान पर आमंत्रित कर करवा चौथ की कथा सुनाने और धार्मिक परंपराओं के निर्वहन की व्यवस्था की गई। कार्यक्रम में पूजा-पाठ के साथ महिलाओं के मनोरंजन के लिए सिंगिंग, क्विज मुकाबले, डांस, पजल गेम और प्रश्नोत्तर प्रतियोगिताएं करवाई गईं। प्रतिभागियों ने पूरे उत्साह के साथ विभिन्न गतिविधियों में हिस्सा लिया। विजेताओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। इस आयोजन ने करवा चौथ के पारंपरिक स्वरूप के साथ मनोरंजन और आपसी मेल-मिलाप का रंग भी जोड़ा। ‘चांद से चांद तक’ कार्यक्रम में सजी सुहागिनों की महफिल शहर में आयोजित एक अन्य विशेष कार्यक्रम ‘चांद से चांद तक’ में एकता लतावा और महक सोनी ने मिलकर सैकड़ों सुहागिनों का मनोरंजन किया। कार्यक्रम में महिलाओं के लिए विभिन्न मनोरंजक खेलों, क्विज मुकाबलों, गायन प्रतियोगिताओं और भजन-कीर्तन का आयोजन किया गया। इसके साथ ही करवा चौथ की कथा सुनाकर त्योहार की धार्मिक महत्ता से भी महिलाओं को जोड़ा गया।

कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण फैशन शो रहा, जिसमें सुहागिनों ने पारंपरिक परिधानों और सोलह शृंगार के साथ अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। फैशन शो में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान हासिल करने वाली विजेता महिलाओं को विशेष पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। इनमें डायमंड के आभूषणों सहित आकर्षक उपहार भी शामिल रहे। कार्यक्रम के दौरान महिलाओं ने गीत-संगीत और विभिन्न प्रतियोगिताओं का भरपूर आनंद लिया। ‘करवा ए इश्क’ में गीत-संगीत और प्रतियोगिताओं की धूम इसी कड़ी में ‘करवा ए इश्क’ नाम से आयोजित कार्यक्रम में सोनिया वर्मा और रितु भार्गव ने सुहागिनों के लिए विशेष आयोजन किया। कार्यक्रम में गीत-संगीत, गायन मुकाबले, क्विज प्रतियोगिताएं और विभिन्न मनोरंजक गतिविधियां करवाई गईं। प्रश्नोत्तर प्रतियोगिताओं के माध्यम से महिलाओं को रोचक सवाल पूछे गए और सही जवाब देने वाली प्रतिभागियों को पुरस्कार प्रदान किए गए। इस दौरान महिलाओं ने पारंपरिक वेशभूषा में सज-धजकर कार्यक्रम में भाग लिया और त्योहार की खुशियां एक-दूसरे के साथ साझा कीं। विभिन्न आयोजनों में धार्मिक आस्था, भारतीय संस्कृति, पारिवारिक परंपराओं और महिला सहभागिता का सुंदर संगम देखने को मिला। करवा चौथ के इन आयोजनों ने शहर में उत्सव का माहौल बना दिया। जहां एक ओर महिलाओं ने पति की दीर्घायु और परिवार की खुशहाली के लिए व्रत रखकर परंपरा निभाई, वहीं दूसरी ओर सामूहिक कार्यक्रमों ने महिलाओं को एक-दूसरे से मिलने, अपनी प्रतिभा दिखाने और त्योहार को यादगार बनाने का अवसर भी प्रदान किया।





