By Election : लुधियाना वेस्ट में फिर दमखम से लौटे आशु, जनता की अदालत से जीत की उम्मीद

punjabkesari.in Thursday, Jun 05, 2025 - 05:51 PM (IST)

लुधियाना (विक्की): कांग्रेस  विधायक राणा गुरजीत सिंह व कांग्रेस लीगल सेल के सीनियर वकील राजीव कौशल ने एक संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान कहा कि आम आदमी पार्टी द्वारा बदले की भावना से भारत भूषण आशु के खिलाफ दर्ज किए गए मामलों को माननीय न्यायालय द्वारा खारिज किए जाने के बड़े फैसले से लोगों का न्याय व्यवस्था में विश्वास और मजबूत हुआ है। 
 
कौशल ने  कहा कि "माननीय न्यायालय द्वारा  आशु के खिलाफ दर्ज किए गए झूठे और प्रतिशोधात्मक मामलों को खारिज करना सिर्फ एक व्यक्ति की जीत नहीं है बल्कि सत्य और न्याय की भी जीत है। कौशल ने कहा कि हमने सत्यमेव जयते के मूल उद्देश्य को एक बार फिर जीवंत होते देखा है। यह महज कानूनी लड़ाई नहीं थी, यह लोकतंत्र, न्याय और बोलने के अधिकार की रक्षा की लड़ाई थी। जिसमे आशु विजयी हुए और आज हीरे की तरह सबके सामने खड़े हैं। 

वेस्ट हलके के चुनाव प्रचार प्रभारी एवं विधायक राणा गुरजीत सिंह ने कहा कि  माननीय अदालत का धन्यवाद करते हैं जिसने सच्चाई को स्वीकार किया और न्याय को बरकरार रखा। यह फैसला देश के प्रत्येक नागरिक के लिए एक संदेश है कि वह न्याय व्यवस्था में विश्वास रखें-क्योंकि अंतत: सत्य की जीत होती है। राणा ने आगे कहा कि आम आदमी पार्टी  ने पिछले साढ़े तीन सालों में अपने विरोधियों को डराने, धमकाने और उनके खिलाफ केस दर्ज करने के अलावा कुछ नहीं किया है। 
 
आशु के खिलाफ दर्ज झूठे केस खारिज होना मौजूदा सरकार और उसके नेताओं के मुंह पर माननीय न्याय व्यवस्था का तमाचा है। उन्होंने कहा कि इस परीक्षा में आशु सोने की कढ़ाई से खरा सोना बनकर उभरे हैं और अदालत के न्याय के बाद अब वह लुधियाना पश्चिम की जनता की अदालत में हैं और उन्हें उम्मीद है कि आशु जनता की अदालत में बड़ी जीत हासिल करेंगे। लुधियाना पश्चिम विधानसभा क्षेत्र की जनता का अपार व अटूट प्यार उन्हें हर दिन नई हिम्मत प्रदान कर रहा है। राणा गुरजीत सिंह ने कहा कि वह वकील भाइयों की ओर से आशु की इस बड़ी मदद व समर्थन के लिए समस्त लीगल सेल कांग्रेस पार्टी लुधियाना का भी तहे दिल से धन्यवाद करते हैं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Subhash Kapoor

Related News