पुलिस व प्रशासनिक तंत्र में फेरबदल जुलाई के शुरू में

punjabkesari.in Saturday, Jun 30, 2018 - 09:46 AM (IST)

जालंधर (धवन): पंजाब सरकार द्वारा प्रशासन व पुलिस तंत्र को और चुस्त-दुरुस्त बनाने के उद्देश्य से चिर-प्रतीक्षित फेरबदल जुलाई के शुरू में किए जाने के आसार हैं। सरकारी हलकों से पता चला है कि मुख्यमंत्री कैप्टन अमरेन्द्र सिंह अपने मुख्य प्रधान सचिव सुरेश कुमार के अमरीका से वापस लौटने का इंतजार कर रहे हैं तथा उसके साथ ही प्रशासनिक व पुलिस फेरबदल कर दिए जाने की उम्मीदें हैं।

सुरेश कुमार पिछले 15 दिनों से अमरीका गए हुए हैं तथा उनके 1-2 दिनों के अंदर वापस पंजाब लौटने की बात कही जा रही है। सरकारी हलकों ने बताया कि प्रशासन तंत्र में भी व्यापक फेरबदल किया जा सकता है। राज्य के मुख्य सचिव कर्ण अवतार सिंह ने इस संबंध में सूचियां तैयार की हुई हैं। वह भी इस संबंध में अंतिम बार मुख्यमंत्री के मुख्य प्रधान सचिव सुरेश कुमार के साथ चर्चा करना चाहते हैं। सुरेश कुमार इस संबंध में अमरीका से आते ही मुख्यमंत्री के साथ प्रशासनिक अधिकारियों की कारगुजारी को लेकर चर्चा करने वाले हैं।

बताया जाता है कि कई स्थानों पर डिप्टी कमिश्ररों व कई स्थानों पर एस.डी.एम्स को तबदील किया जाएगा। कांग्रेस के विधायकों ने अपनी सिफारिशें पहले ही मुख्य सचिव को भेजी हुई हैं। उन पर भी सुरेश कुमार द्वारा चर्चा की जानी है। माना जा रहा है कि विधायकों की सिफारिशों को देखते हुए उनके हलकों में सब डिवीजनल मैजिस्ट्रेट्स की नियुक्तियां की जाएंगी क्योंकि विधायकों ने अपने-अपने हलकों में एस.डी.एम्स से काम लेना होता है। सरकारी सूत्रों ने बताया कि पुलिस अधिकारियों में भी फेरबदल होने की बात कही जा रही है। कुछ स्थानों पर नए एस.एस.पीज नियुक्त किए जाएंगे। प्रशासन व पुलिस तंत्र में फेरबदल को लेकर जुलाई महीना महत्वपूर्ण है। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Vatika

Recommended News

Related News