बेफिक्र दुकानदार सरेआम उड़ा रहे नियमों की धज्जियां, चाइना डोर की चपेट में 14 वर्षीय बच्चा
punjabkesari.in Friday, Dec 09, 2022 - 01:48 PM (IST)

तरनतारन (रमन): एक तरफ प्रशासन द्वारा जिले में चाइना डोर का उपयोग करने पर पाबंदी लगाई गई है। दूसरी तरफ जिले में चाइना डोर की ब्लैक में बिक्री व इसका उपयोग सरेआम हो रहा है। जानलेवा साबित होने वाली इस चाइना डोर का शिकार एक बच्चा बना। इस चाइना डोर की चपेट में आने से गला कटने के कारण बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया। डाक्टरों ने बच्चे का इलाज करते हुए गले पर 12 टांके लगाए।
जानकारी के अनुसार मनरूप सिंह पुत्र गगनदीप सिंह निवासी फतेहचक्क नामक 14 वर्षीय बच्चा स्कूटरी पर सवार होकर कुछ घरेलू समान लेने के लिए करियाना दुकान पर गया था। रास्ते में अचानक मनरूप सिंह चाइना डोर की चपेट में आ गया। चाइना डोर से गला कटते ही मनरूप सिंह काफी घायल हो गया। तब आस-पास के लोगों ने मदद करते हुए बच्चे के गले से चाइना डोर निकाली। इसके उपरांत मनरूप सिंह को अस्पताल में दाखिल करवाया। अस्पताल में डाक्टरों ने मनरुप सिंह के गले पर 12 टांके लगाए। फिलहाल मनरूप सिंह उपचाराधीन है।
मनुष्य अधिकार कमीशन के नेता रणबीर सिंह राजा ने कहा कि पंजाब सरकार द्वारा चाहे चाइना डोर पर पाबंदी लगाई गई है, परंतु कुछ लोग सरेआम चाइना डोर का उपयोग कर रहे हैं। इसके अलावा कुछ दुकानदार ब्लैक में चाइना डोर की बिक्री कर रहे हैं। इन लोगों द्वारा सरेआम पंजाब सरकार व प्रशासन के आदेशों की धज्जियां उड़ाई जा रही हैं। चाइना डोर पर्यावरण के लिए खतरा बनी हुई है। वाहनों पर सवार सड़कों पर आने-जाने वाले लोग जहां चाइना डोर की चपेट में आकर घायल होते हैं। वहीं यह चाइना डोर पक्षियों के लिए भी घातक साबित हो रही है। एस.एस.पी. से मांग है कि चाइना डोर की बिक्री करने वाले व्यक्तियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई करते हुए केस दर्ज किए जाएं, ताकि आगे से ऐसी कोई अनचाही घटना न हो।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here
पंजाब की खबरें Instagram पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here