जालंधर में बाल पकड़कर घसीटने का मामला, महिला आयोग ने ASI पर की बड़ी कार्रवाई
punjabkesari.in Tuesday, Mar 24, 2026 - 02:23 PM (IST)
जालंधर/मोहाली : जालंधर के भार्गो कैंप में घरेलू झगड़े में महिला को बाल पकड़कर घसीटने के आरोप में महिला आयोग ने ASI पर सख्त कार्रवाई की है। इस मामले में महिला आयोग की चेयरपर्सन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ASI प्रवीण कुमार को सस्पेंड कर दिया है।
दरअसल, आज पीड़ित महिला महिला आयोग के सामने पेश हुई और पुलिस अधिकारी ने पेश होकर अपना पक्ष रखा। दोनों पक्षों का पक्ष सुनने के बाद आयोग ने कहा कि पीड़ित महिला का अपनी बहू से झगड़ा चल रहा था। महिला आयोग ने कहा कि ASI को महिला पुलिस को साथ ले जाना चाहिए था। उन्होंने कहा कि यह इतना बड़ा मामला नहीं था कि महिला को बाल पकड़कर घसीटा जाए। उन्होंने कहा कि पुलिस बिना किसी वारंट के महिला के घर में घुसी थी।
गौरतलब है कि पंजाब राज्य महिला आयोग ने एक पुलिसकर्मी द्वारा एक महिला के बाल पकड़कर घसीटने और जवाब में महिला के बेटे द्वारा पुलिसकर्मी को थप्पड़ मारने के मामले में सख्त रुख अपनाया था। घटना को गंभीरता से लेते हुए आयोग ने 'सू-मोटू' नोटिस जारी किया था।
वीडियो के आधार पर नोटिस
न्यूज चैनलों और सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो के आधार पर आयोग ने जालंधर पुलिस कमिश्नर को कार्रवाई के लिए पत्र लिखा है। महिला आयोग ने निर्देश दिया है कि इस मामले की कानून के अनुसार तुरंत असिस्टेंट कमिश्नर ऑफ पुलिस (ACP) स्तर के अधिकारी से जांच कराई जाए। आयोग ने संबंधित पुलिसकर्मी और पीड़ित महिला को आज आयोग के दफ्तर में व्यक्तिगत रूप से पेश होने का आदेश दिया था। पुलिस प्रशासन से इस मामले में अब तक की गई कार्रवाई पर स्टेटस रिपोर्ट देने को भी कहा गया है। पंजाब राज्य महिला आयोग ने साफ किया है कि वह महिलाओं के अधिकारों, सम्मान और सुरक्षा के उल्लंघन के मामलों को बहुत गंभीरता से लेता है और राज्य में महिलाओं के सम्मान की रक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

