महंगे गिफ्ट, सीक्रेट संपर्क और ह+त्या की साजिश... कनाडा में जालंधर मूल की महिला अधिकारी पर गंभीर आरोप
punjabkesari.in Monday, Jul 06, 2026 - 04:58 PM (IST)
पंजाब डेस्क: कनाडा की टोरंटो साउथ डिटेंशन सेंटर में तैनात जालंधर मूल की एक महिला जेल अधिकारी पर एक पंजाबी कैदी से करीबी संबंध रखने और जेल के नियमों का उल्लंघन करने के गंभीर आरोप लगे हैं। मामले में चल रही जांच के दौरान कई अहम खुलासे हुए हैं। फिलहाल महिला अधिकारी को पेड लीव पर है, जबकि मामला अदालत में विचाराधीन है।
गुरप्रीत और निशवंत के बीच पहले से ही थे निजी संबंध
जांच के अनुसार, दोसांझ गांव की निशवंत कौर ने अपनी ड्यूटी उसी जेल ब्लॉक में लगवाई, जहां 32 वर्षीय गुरप्रीत सिंह बंद था। गुरप्रीत पंजाब से ट्रक ड्राइवर के रूप में कनाडा गया था, लेकिन बाद में उसका नाम अमेरिका के वांछित ड्रग तस्कर रायन वेडिंग के कथित ड्रग नेटवर्क से जुड़ने पर सामने आया। वह अक्टूबर 2024 से टोरंटो जेल में बंद है और अमेरिका प्रत्यर्पण का सामना कर रहा है। जांच एजेंसियों के मुताबिक, गुरप्रीत और निशवंत के बीच पहले से ही निजी संबंध थे। गुरप्रीत के जेल पहुंचने के बाद दोनों फिर से संपर्क में आए। आरोप है कि महिला अधिकारी अक्सर उसकी सेल के आसपास रहती थी और जेल के आधिकारिक फोन सिस्टम के अलावा कथित तौर पर अवैध मोबाइल फोन के जरिए भी उससे संपर्क में रहती थी।
कॉस्मेटिक सर्जरी और विदेश यात्राओं का खर्च भी उठाया
जांच में यह भी दावा किया गया है कि गुरप्रीत ने महिला अधिकारी को महंगे गिफ्ट दिए। इसके अलावा उसकी कॉस्मेटिक सर्जरी और विदेश यात्राओं का खर्च भी उठाया। जांच अधिकारी का कहना है कि एक कैदी का किसी जेल अधिकारी पर इस तरह का प्रभाव होना बेहद असामान्य है। मामला तब और गंभीर हो गया जब एक वरिष्ठ जेल अधिकारी पर हमले की साजिश की जांच शुरू हुई। पुलिस का आरोप है कि निशवंत ने उस अधिकारी की कार की नंबर प्लेट की फोटो गुरप्रीत तक पहुंचाई। इसी जानकारी के आधार पर अधिकारी के घर की पहचान की गई और कथित तौर पर हमले की योजना बनाई गई। पुलिस का कहना है कि इस मामले में 563 पन्नों के जांच दस्तावेज (ITO) तैयार किए गए हैं। इनमें निशवंत और गुरप्रीत के अलावा कई अन्य पुलिस अधिकारियों और कुछ आम लोगों के नाम भी जांच के दायरे में बताए गए हैं। फिलहाल एजेंसियां पूरे मामले की जांच कर रही हैं।

