चंडीगढ़ BJP दफ्तर ग्रेनेड हमले में नया खुलासा, कई घंटे खुलेआम घूमते रहे आरोपी, NIA ने जांच की तेज

punjabkesari.in Saturday, Apr 04, 2026 - 04:28 PM (IST)

चंडीगढ़/पंजाब: चंडीगढ़ के सेक्टर 37 में स्थित भाजपा कार्यालय के बाहर हुए ग्रेनेड हमले ने राज्य और केंद्र की सुरक्षा एजेंसियों की नींद उड़ा दी। हमले के तुरंत बाद हमलावरों की निडर हरकतों ने सबको हैरान कर दिया। जांच में खुलासा हुआ है कि आरोपी घटना के बाद कई घंटों तक शहर में खुलेआम घूमते रहे और फिर अपने घर रतनगढ़ लौटकर सामान्य जीवन बिताते नजर आए। इस बीच पुलिस और अन्य एजेंसियां उनकी लोकेशन तक नहीं पहुंच सकीं, जिससे जांच में कई चुनौतियां सामने आईं। 

आरोपियों की तलाश में जुटी NIA 
सूत्रों के अनुसार हमलावरों ने घटना के तुरंत बाद करीब 4 घंटे तक चंडीगढ़ और मोहाली में खुलेआम घूमना जारी रखा। वे बस और पैदल शहर में इधर-उधर चलते रहे, बावजूद इसके किसी भी सुरक्षा एजेंसी को उनकी भनक नहीं लगी। इसके बाद वे रात करीब 9 बजे अपने घर रतनगढ़ पहुंचे, सामान्य तरीके से परिवार के साथ भोजन किया और सो गए।अगले दिन सुबह दोनों आरोपी अलग-अलग घर से निकले। पुलिस ने बाद में उनके घर छापेमारी की, लेकिन तब तक वे वहां से जा चुके थे। जांच में सामने आया कि हमलावरों के पास ग्रेनेड और रिवॉल्वर होने की संभावना है। पुलिस ने आरोपी अमन के घर से संदिग्ध पीला लिफाफा भी बरामद किया, जिसमें कारतूस होने की आशंका है। NIA और स्टेट स्पेशल ऑपरेशन सेल भी आरोपियों की तलाश में जुटी हैं। हमला पाकिस्तान में निर्मित GHD2P हैंड ग्रेनेड से किया गया था, जो 5-10 मीटर तक घातक प्रभाव डाल सकता है। हमले के बाद CCTV फुटेज और सोशल मीडिया पर दो वीडियो वायरल हुए, जिनमें हमलावरों की गतिविधियां कैद हुई हैं। 

2 संदिग्धों को किया राउंडअप 
वहीं इस हमले के दोषियों की तलाश करते हुए चंडीगढ़ पुलिस मोरिंडा के रतनगढ़ गांव पहुंची, जहां पुलिस ने 2 लोगों को गिरफ्तार करने के लिए गांव की घेराबंदी भी कर ली। हालांकि यह भी पता चला है कि पुलिस ने 2 व्यक्तियों को राउंडअप किया है, लेकिन देर शाम तक इसकी पुष्टि नहीं हो सकी। यह जानना जरूरी है कि पुलिस ने इन दोनों में से एक व्यक्ति के पिता को राउंड जरूर किया है। मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस ने इस हमले के संदिग्धों, रतनपुर गांव के रहने वाले गुरतेज सिंह और अमनप्रीत सिंह के घरों पर छापा मारा है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vatika

Related News