तरनतारन में भाजपा दफ्तर हमले पर चुघ ने पंजाब सरकार को घेरा, कहा -‘पंजाब को बंगाल नहीं बनने देंगे’
punjabkesari.in Monday, May 11, 2026 - 08:43 PM (IST)
जालंधर : तरनतारन में भाजपा दफ्तर पर हुए हमले को लेकर भाजपा के महासचिव तरुण चुघ ने तीखा हमला बोला है। उन्होंने टवीट जारी कर कहा कि आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं द्वारा की गई तोड़फोड़ न सिर्फ निंदनीय है, बल्कि यह लोकतंत्र के लिए भी शर्मनाक है। Chugh ने कहा कि राज्य में आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं की गुंडागर्दी नई ऊंचाइयों पर पहुंच गई है, जिसका उदाहरण आज लुधियाना, तरनतारन और जीरकपुर में भाजपा कार्यकर्ताओं पर हुए हमलों से देखने को मिला। चुघ ने कहा कि यह न केवल निंदनीय है, बल्कि लोकतंत्र के लिए भी शर्मनाक है, जहां सत्ता में बैठी पार्टी विपक्ष को डराने-धमकाने के लिए आपराधिक तरीकों का सहारा लेने लगे।
तरनतारन, लुधियाना और जीरकपुर में भाजपा दफ्तरों पर हमला कर उन्हें तहस-नहस करने की घटना भगवंत मान सरकार पर एक बड़ा दाग है। चुघ ने कहा कि आज तरनतारन में भाजपा कार्यकर्ताओं पर स्याही फेंकी गई, उनके साथ बदसलूकी और मारपीट की गई।
चुघ ने कहा कि सबसे बड़ा सवाल यह है कि ऐसे तत्वों के खिलाफ पुलिस कार्रवाई करने में क्यों विफल रही? क्या पुलिस आम आदमी पार्टी प्रायोजित उपद्रवियों के साथ मिली हुई है? भाजपा ऐसी ताकतों के खिलाफ पूरी मजबूती से लड़ेगी और पंजाब को कभी बंगाल नहीं बनने देगी।


