Chandigarh अब नहीं सोएगा! रातभर खुले रहेंगे रेस्टोरेंट और स्टोर?

punjabkesari.in Thursday, May 21, 2026 - 09:06 PM (IST)

चंडीगढ़ : चंडीगढ़ अब तेजी से 24×7 लाइफस्टाइल की ओर बढ़ रहा है और शहर में नाइट इकोनॉमी का दायरा लगातार बढ़ता जा रहा है। ताजा आंकड़ों के अनुसार, 179 से अधिक प्रतिष्ठानों ने लेबर विभाग, यूटी प्रशासन के समक्ष 24 घंटे संचालन की अनुमति के लिए आवेदन/अंडरटेकिंग दी है। बताया जा रहा है कि पहले जो शहर जल्दी बंद होने के लिए जाना जाता था, वह अब बदलते उपभोक्ता व्यवहार, फूड डिलीवरी सेवाओं और सुविधा आधारित रिटेल के कारण धीरे-धीरे एक 24×7 कमर्शियल हब बनता जा रहा है।

रिपोर्ट के मुताबिक इस वर्ष 179 संस्थानों ने दिन-रात संचालन की अनुमति मांगी है, जबकि पिछले वर्ष यह संख्या केवल 48 थी—यानी इसमें कई गुना वृद्धि दर्ज की गई है। इस सूची में मैकडॉनल्ड्स, केएफसी, डोमिनोज़, पिज़्ज़ा हट, सबवे, बास्किन रॉबिन्स और यो! चाइना जैसे बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय ब्रांड शामिल हैं। इसके साथ ही 24 सेवन (Godfrey Phillips India Limited) ने सेक्टर 15, 22, 26, 35 और 38 में अपने लेट-नाइट आउटलेट्स का विस्तार किया है। इसके अलावा, ब्लिंकिट की कई यूनिट्स ने सेक्टर 17, 34, 37 और बरैल क्षेत्र में 24×7 संचालन के लिए आवेदन किया है, जिससे साफ है कि ग्रॉसरी और जरूरी सामान की डिमांड अब पारंपरिक समय सीमा से आगे बढ़ चुकी है।

चंडीगढ़ की कैफे और हॉस्पिटैलिटी इंडस्ट्री में भी बड़ा बदलाव देखा जा रहा है। क्लासिक 44, बाबा चिकन, चाय सुट्टा बार, ऑडी चायवाला, रोल एक्सप्रेस, बेल्जियन वाफल कंपनी, एमजी बेकर्स, डाउनटाउन कैफे, किचन 21 और कई अन्य स्थानीय ब्रांड अब रातभर सेवाएं देने की दिशा में बढ़ रहे हैं।

सेक्टर 8 की इनर मार्केट समेत कई इलाके अब लेट-नाइट फूड जोन के रूप में उभर रहे हैं। वहीं द फायर एम्पायर, टिक्का वर्ल्ड, सुपरडोनट्स और वर्ल्ड ऑफ विंग्स जैसे आउटलेट्स रातभर ग्राहकों को सेवाएं दे रहे हैं। सेक्टर 15, 22, 26, 34 और 35 अब चंडीगढ़ की बढ़ती नाइट इकोनॉमी की रीढ़ बनते जा रहे हैं, जहां फूड, रिटेल और डिलीवरी सेवाएं 24 घंटे सक्रिय हो रही हैं।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Subhash Kapoor

Related News