पंजाब-हरियाणा हाईकोर्ट के एडवोकेट पर चली गोलियां, मौके पर भारी पुलिस

punjabkesari.in Tuesday, May 19, 2026 - 04:14 PM (IST)

मोहाली: न्यू चंडीगढ़ में पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट के एक एडवोकेट पर फायरिंग होने का मामला सामने आया है। यह जानलेवा हमला कुराली बाईपास के पास किया गया। हालांकि इस हमले में हाईकोर्ट के पूर्व सचिव गगनदीप जम्मू बाल-बाल बच गए।

मोटरसाइकिल सवार बदमाशों ने दिया वारदात को अंजाम 
पुलिस को दिए बयान में गगनदीप जम्मू पुत्र बलविंदर जम्मू निवासी सेक्टर-36बी, चंडीगढ़ ने बताया कि 18 मई की शाम वह अपने दोस्त ताहिल बजाज के साथ रोपड़ की तरफ जा रहे थे। रास्ते में वे खरड़ स्थित मैकडोनाल्ड पर रुके और करीब रात 8 बजे फिर से रवाना हुए। जब वे भारतमाला प्रोजेक्ट के पुल को पार कर कुराली बाईपास की ओर जा रहे थे, तभी कुछ अज्ञात मोटरसाइकिल सवारों ने उनकी कार के पिछले हिस्से पर फायरिंग कर दी।

सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही पुलिस 
गोलियों की आवाज सुनते ही गगनदीप जम्मू ने तुरंत अपनी कार कच्चे रास्ते की ओर मोड़ ली और गाड़ी को वापस खरड़ की दिशा में भगा लिया। उन्होंने बताया कि हमलावरों ने उन्हें जान से मारने की नीयत से हमला किया था। इस हमले में उनकी कार पर तीन गोलियां लगी हैं। घटना के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस के अनुसार हमलावरों ने तीन राउंड फायरिंग की और मौके से गोलियों के खोल भी बरामद किए गए हैं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vatika

Related News