चंडीगढ़ वासियों के लिए अहम खबर, इस तारीख तक पहुंचेगा मानसून

punjabkesari.in Thursday, Jun 23, 2022 - 01:10 PM (IST)

चंडीगढ़ (पाल): कई सालों के बाद जून का महीना काफी ठंडा रहा है। हालांकि शुरूआती हफ्ते में तापमान बहुत ज्यादा रिकॉर्ड हो रहा था लेकिन एक हफ्ते से काफी गिरावट दर्ज हुई है। मौसम विभाग के डायरैक्टर डा. मनमोहन सिंह कहते हैं कि तीन दिन शहर का तापमान एक बार फिर ऊपर की ओर जाएगा, लेकिन 26 जून के बाद बारिश की सम्भावना है।

शनिवार के बाद जो भी बारिश होगी वह प्री-मॉनसून शॉवर होगा। बारिश से पहले तापमान में इजाफा होता है जो सामान्य बात है। बुधवार को भी तापमान में इजाफा देखा गया है। अधिकतम तापमान 34.9 डिग्री सैल्सियस रिकॉर्ड हुआ, जो कि सामान्य से 2.6 डिग्री कम रहा। न्यूनतम तापमान 26.3 डिग्री रिकॉर्ड हुआ जो सामान्य से 1.5 डिग्री अधिक रहा। डायरैक्टर के मुताबिक मॉनसून की बात करें तो वह मध्य प्रदेश को कवर कर चुका है और अब सिर्फ नॉथ का हिस्सा बचा है, जो आने वाले दिनों में कवर हो जाएगा। अभी तक जो फोरकास्ट हम देख रहे हैं अगर किसी तरह की रुकावट नहीं होती तो 30 जून या ज्यादा से ज्यादा जुलाई के पहले हफ्ते तक मॉनसून शहर में हिट हो जाएगा।

अगले हफ्ते अधिकतम 38 डिग्री तक रहेगा पारा
बुधवार को कई दिन बाद शहर में अच्छी धूप निकली जिस वजह से तापमान में भी इजाफा देखा गया। मौसम विभाग के मुताबिक 23 से 25 जून तक मौसम साफ रहेगा। तापमान की बात करें तो अगला पूरा हफ्ता अधिकतम ज्यादा से ज्यादा 38 डिग्री तक रहेगा। बारिश के बाद एयर क्वालिटी इंडेक्स लेवल में जबरदस्त गिरावट आई है। मंगलवार को चंडीगढ़ का ए.क्यू.आई. 67 दर्ज किया गया था। अब ऐसा लग रहा है कि ए.क्यू.आई. सितंबर तक 50 के आस-पास ही रहेगा। केंद्र के मुताबिक वीरवार को आसमान साफ रहेगा। दिन का अधिकतम तापमान 36 डिग्री और न्यूनतम 25 डिग्री रहेगा। इसके बाद शुक्रवार को भी आसमान साफ रहेगा। अधिकतम तापमान 36 डिग्री और न्यूनतम 25 डिग्री। शनिवार को भी आसमान साफ रहेगा। दिन का पारा 37 डिग्री जबकि न्यूनतम 26 डिग्री तक रह सकता है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vatika

Recommended News

Related News