उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन का आज चंडीगढ़ दौरा, कई सड़कों पर Traffic Divert

punjabkesari.in Friday, Sep 04, 2026 - 11:28 AM (IST)

चंडीगढ़: उपराष्ट्रपति और पंजाब यूनिवर्सिटी के चांसलर सी.पी. राधाकृष्णन शुक्रवार को पंजाब यूनिवर्सिटी का दौरा करेंगे। उनके दौरे को लेकर चंडीगढ़ पुलिस ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। वहीं ट्रैफिक पुलिस ने शहर और पंजाब यूनिवर्सिटी कैंपस के लिए विशेष ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है। दौरे के दौरान उपराष्ट्रपति पंजाब यूनिवर्सिटी में एडवांस्ड इंस्ट्रूमेंटेशन फैसिलिटी (SAIF/CIL) और पंजाब यूनिवर्सिटी टेक इनोवेशन फोरम का उद्घाटन करेंगे। इन दोनों पहलों को यूनिवर्सिटी में रिसर्च और स्टार्टअप इको-सिस्टम को मजबूत करने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।

इन सड़कों पर प्रभावित रहेगा ट्रैफिक
पुलिस की एडवाइजरी के अनुसार, उपराष्ट्रपति के आने और वापस जाने के दौरान शहर की कई प्रमुख सड़कों पर कुछ समय के लिए ट्रैफिक डायवर्ट और नियंत्रित किया जाएगा। सुबह 10:30 से 11:30 बजे तक और दोपहर 2:45 से 3:30 बजे तक अलग-अलग मार्गों पर ट्रैफिक व्यवस्था में बदलाव रहेगा।

  • दक्षिण मार्ग पर एयरपोर्ट लाइट प्वाइंट से न्यू लेबर चौक तक ट्रैफिक नियंत्रित रहेगा।
  • सरोवर पथ पर न्यू लेबर चौक से सेक्टर 7/8-18/19 चौक तक ट्रैफिक प्रभावित रहेगा।
  • मध्य मार्ग पर सेक्टर 7/8-18/19 चौक से सेक्टर 11/12-14/15 चौक (PGI चौक) तक ट्रैफिक नियंत्रित किया जाएगा।
  • विद्या पथ पर PGI चौक से सेक्टर 24/25 लाइट प्वाइंट होते हुए UIET, सेक्टर 25 तक ट्रैफिक व्यवस्था में बदलाव रहेगा।

यूनिवर्सिटी के अंदर भी कुछ रास्ते रहेंगे बंद
पंजाब यूनिवर्सिटी के सेक्टर-14 और सेक्टर-25 कैंपस में सुबह 9 बजे से दोपहर 3 बजे तक या VIP के वापस जाने तक कुछ रास्ते आम वाहनों के लिए बंद रहेंगे। गेट नंबर-1 से वाहनों की आवाजाही सुबह 6 से 9 बजे तक और दोपहर 3 बजे के बाद ही हो सकेगी। गेट नंबर-2 और 3 पर भी निर्धारित श्रेणी के वाहनों के लिए विशेष व्यवस्था रहेगी।

ट्रैफिक पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे इस दौरान वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल करें। साथ ही साइकिल ट्रैक, पैदल रास्तों और ‘नो पार्किंग’ जोन में वाहन खड़े न करें। नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी और जरूरत पड़ने पर वाहन टो भी किए जा सकते हैं।

पुलिस ने अधिकारियों और अन्य लोगों को भी अपने वाहन केवल निर्धारित पार्किंग स्थानों पर खड़े करने की सलाह दी है। ट्रैफिक से जुड़ी ताजा जानकारी के लिए चंडीगढ़ ट्रैफिक पुलिस के सोशल मीडिया हैंडल्स पर अपडेट देखने की अपील की गई है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vatika

Related News