चंडीगढ़ एयरपोर्ट से अब आधी रात को भी बेंगलुरु के लिए उड़ान, जानें Timing
punjabkesari.in Tuesday, Oct 20, 2026 - 10:38 AM (IST)
चंडीगढ़ (लल्लन): शहीद भगत सिंह अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट चंडीगढ़ धीरे-धीरे 24 घंटे ऑपरेशनल मोड की ओर बढ़ रहा है। विंटर शैड्यूल में अब आधी रात को भी चंडीगढ़ से बेंगलुरु के लिए घरेलू उड़ान का संचालन किया जाएगा। यह फ्लाइट रात 12.45 बजे चंडीगढ़ से उड़ान भरेगी। वहीं, मुंबई से आने वाली इंडिगो की फ्लाइट भी रात 12.20 बजे एयरपोर्ट पर लैंड करेगी। इससे एयरपोर्ट पर देर रात विमानों की आवाजाही बढ़ेगी और यात्रियों को अतिरिक्त विकल्प मिलेंगे।
समर शैड्यूल के दौरान चंडीगढ़ एयरपोर्ट से रात 10.55 बजे पुणे के लिए अंतिम उड़ान रवाना होती थी। इसके बाद रात में किसी अन्य फ्लाइट का टेक-ऑफ नहीं होता था। एयरपोर्ट को 24 घंटे ऑपरेशनल बताया जाता था, लेकिन देर रात उड़ानों का संचालन सीमित था। अब विंटर शेड्यूल में देर रात की उड़ानें शुरू होने से एयरपोर्ट की परिचालन गतिविधियां बढ़ेंगी। इसका लाभ खास तौर पर बिजनेस और आई.टी. सेक्टर से जुड़े यात्रियों को मिल सकता है।
बेंगलुरु से आएगी फ्लाइट, शारजाह होकर लौटेगी
विंटर शैड्यूल के तहत एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट बेंगलुरु से सुबह 9.10 बजे उड़ान भरकर दोपहर 12.20 बजे चंडीगढ़ पहुंचेगी। इसके बाद यह फ्लाइट दोपहर 1.50 बजे शारजाह के लिए रवाना होगी और रात 11.05 बजे वापस चंडीगढ़ पहुंचेगी। इसके बाद रात 12.45 बजे यही फ्लाइट बेंगलुरु के लिए उड़ान भरेगी। इस फ्लाइट में सफर करने वाले यात्रियों को फ्लेक्सी फेयर के आधार पर 7,823 रुपए किराया देना होगा।
मुंबई से रात 12.20 बजे पहुंचेगी इंडिगो की फ्लाइट
विंटर शैड्यूल में मुंबई से चंडीगढ़ आने वाली इंडिगो की फ्लाइट भी देर रात संचालित होगी। यह फ्लाइट रात 10.05 बजे मुंबई से उड़ान भरेगी और रात 12.20 बजे चंडीगढ़ एयरपोर्ट पर लैंड करेगी। इसमें सफर करने वाले यात्रियों के लिए फ्लेक्सी फेयर के आधार पर किराया 9,823 रुपये बताया गया है।
फिलहाल चंडीगढ़ एयरपोर्ट से सुबह 5.15 बजे इंडिगो की मुंबई जाने वाली फ्लाइट दिन की पहली उड़ान होती है, जबकि समर शैड्यूल में रात 10.55 बजे पुणे के लिए अंतिम उड़ान रवाना होती थी। अब विंटर शेड्यूल में आधी रात के बाद भी विमानों की आवाजाही होने से एयरपोर्ट का परिचालन समय बढ़ेगा। देर रात उड़ानों की शुरुआत को एयरपोर्ट के 24 घंटे ऑपरेशनल मोड की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

