पंजाब-चंडीगढ़ में बदला मौसम, 3 जिलों में बारिश के आसार; जानें अपने शहर का हाल
punjabkesari.in Friday, Oct 16, 2026 - 09:55 AM (IST)
पंजाब डेस्कः पंजाब और चंडीगढ़ में मौसम का मिजाज बदलने लगा है। बारिश और ठंडी हवाओं ने लोगों को गर्मी से राहत दी है और अब ठंड का एहसास भी होने लगा है। मौसम विभाग के अनुसार, आज पंजाब के 3 जिलों पठानकोट, गुरदासपुर और होशियारपुर में बारिश होने की संभावना है। वहीं, चंडीगढ़ में आसमान में बादल छाए रह सकते हैं। बारिश के कारण पंजाब में तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है।
तापमान में 3.8 डिग्री की गिरावट
मौसम विज्ञान केंद्र चंडीगढ़ के अनुसार, गुरुवार को बारिश और ओले गिरने से पंजाब के औसत अधिकतम तापमान में 3.8 डिग्री की गिरावट आई है। अब तापमान सामान्य से 5 डिग्री नीचे पहुंच गया है। बठिंडा और चंडीगढ़ में अधिकतम तापमान 29.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के मुताबिक, पंजाब और चंडीगढ़ के ऊपर पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय है, जिसका असर उत्तरी पंजाब और आसपास के इलाकों में पड़ रहा है। वहीं, दक्षिण हरियाणा और आसपास के क्षेत्रों में भी मौसम में बदलाव लाने वाली हवाओं का असर बना हुआ है।

