Chandigarh वालों जरा संभल कर, मौसम विभाग ने जारी कर दी नई चेतावनी, पढ़ें...
punjabkesari.in Tuesday, Feb 04, 2025 - 12:05 PM (IST)
चंडीगढ़: कई दिनों बाद फिर लौटे कोहरे की वजह से रविवार रात शहर के कई हिस्सों में 9 घंटों तक लगातार विजिबिल्टी गिरकर मात्र 100 से 400 के बीच रही। मौसम विभाग के चंडीगढ़ केंद्र में रविवार रात 9 से 12 बजे के बाद विजिबल्टी मात्र 100 तक दर्ज हुई। घने कोहरे का असर ये रहा कि सोमवार रात का औसतन तापमान सामान्य से 2 डिग्री चला गया। इसका असर सोमवार को दिन के तापमान पर पड़ा। साफ मौसम के बावजूद अधिकतम तापमान 20.3 डिग्री से ऊपर नहीं गया। यही नहीं, चंडीगढ़ में दिन का तापमान शिमला से भी नीचे चला गया। शिमला का अधिकतम तापमान 21.5 डिग्री दर्ज हुआ। सोमवार रात घने कोहरे के बीच न्यूनतम तापमान सामान्य से 2.6 डिग्री कम होकर 11.1 डिग्री रहा।
आज से छाएंगे बादल, फिर 8 से अगला स्पैल
इन सर्दियों में बार बार आए पश्चिमी विक्षोभ स्पैल बेहद कमजोर रहने से जनवरी में बारिश कम रही। अब 4 और 5 फरवरी को एक स्पैल आ रहा है। इन दो दिनों में पहाड़ों पर तो बर्फ और बारिश के आसार है लेकिन चंडीगढ़ समेत मैदानी इलाकों में बादल छाने के बावजूद कहीं कहीं हलकी बूंदाबांदी के ही आसार है। इसके बाद 8 फरवरी से पश्चिमी विक्षोभ का एक और स्पैल आ रहा है लेकिन वो हलका ही रहेगा।
हवा में बरसात जैसी नमी, इसलिए लौटा कोहरा
शहर के कई हिस्सों में पिछले 2 दिनों से कोहरा फिर लौटा है। इसकी वजह ये है कि हवा में नमी की मात्रा बहुत ज्यादा बढ़ गई है। पहाड़ों में हुई बर्फबारी के बाद वहाँ की नमी उत्तर पश्चिमी हवाओं के साथ मैदानों में पहुंची है। पिछले 24 घंटों में शहर में नमी की मात्रा 94 फीसदी तक रही जबकि न्यूनतम स्तर 60 फीसदी तक रही। इस वजह से रविवार रात 9 बजे के बाद घना कोहरा पसर गया और 9 बजे से सुबह 6 बजे तक विजिबिल्टी 100 से 400 मीटर के बीच रही। आने वाले दिनों में भी कुछ हिस्सों में कोहरा रह सकता है।
पिछले महीने सबसे गर्म दिन, अब गिरा पारा
पिछले महीने 30 जनवरी को चंडीगढ़ में जनवरी का सबसे गर्म दिन दर्ज हुआ था। उस रोज पारा 25.9 डिग्री तक जा पहुंचा था। अब कोहरा लौटने के बाद फरवरी के महीने में भी शहर में दोपहर का तापमान शिमला से भी कम हो गया। आने वाले दिनों में भी तापमान 24 डिग्री से भी कम ही रहने की संभावना है। संभवतः 10 फरवरी के बाद तापमान में बढ़ौतरी की संभावना है।