नकोदर में सुबह-सुबह चन्नी की रेड! बाइक पर पहुंचे सतलुज किनारे, मचा बवाल

punjabkesari.in Tuesday, Aug 04, 2026 - 11:29 AM (IST)

जालंधर (सोनू): नकोदर इलाके में सतलुज किनारे हो रही कथित माइनिंग को लेकर सियासत गरमा गई है। मंगलवार सुबह सांसद चरनजीत सिंह चन्नी कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ अचानक मौके पर पहुंचे। बाइक पर पहुंचे चन्नी ने नदी किनारे की स्थिति का जायजा लिया और वहां रेत से भरे कई ट्रक देखे।

मौके से सामने आए दृश्य को लेकर चन्नी ने माइनिंग गतिविधियों पर सवाल खड़े किए। उनका आरोप है कि रात के समय से लेकर सुबह तड़के तक नदी से रेत निकाली जा रही है और इसके बाद ट्रकों के जरिए इसे दूसरी जगह ले जाया जा रहा है। चन्नी ने मौके पर रेत के बड़े-बड़े ढेर भी दिखाए। उनका कहना था कि नदी से निकाली जा रही रेत को पहले डंप किया जाता है और फिर ट्रैक्टर-ट्रॉलियों व ट्रकों के जरिए आगे सप्लाई किया जाता है।

इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने इलाके में लगातार हो रही कथित माइनिंग को लेकर प्रशासन पर भी सवाल उठाए। उनका कहना है कि नदी के किनारों से रेत निकालने के कारण कटाव बढ़ रहा है और बरसात के दौरान आसपास के गांवों के लिए खतरा पैदा हो सकता है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने दावा किया कि पिछली बरसात में भी नदी के किनारे कटाव के बाद पानी गांवों की तरफ पहुंचा था। उनका आरोप है कि पिछले नुकसान के बावजूद माइनिंग गतिविधियों पर प्रभावी रोक नहीं लग सकी।

वहीं चन्नी ने चेतावनी दी कि अगर बरसात से पहले नदी किनारे चल रही माइनिंग पर रोक नहीं लगी तो आने वाले दिनों में हालात गंभीर हो सकते हैं। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में माइनिंग को लेकर शिकायतें मिल रही थीं, जिसके बाद वह खुद मौके की स्थिति देखने पहुंचे। चन्नी ने किसी व्यक्ति का नाम लिए बिना मौके पर मौजूद रेत से भरे ट्रकों और गतिविधियों को लेकर सवाल उठाए।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here  


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Urmila

Related News