मुख्यमंत्री भगवंत मान ने डा. बलबीर का चयन करके एक तीर से साधे कई निशाने
punjabkesari.in Sunday, Jan 08, 2023 - 10:37 AM (IST)

चंडीगढ़/पटियाला: पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने सादगी, नम्रता और विनम्रता के साथ जिंदगी जीने वाले पटियाला देहाती हलके के विधायक डा. बलबीर सिंह को सेहत और मेडिकल शिक्षा मंत्री बना कर एक तीर के साथ कई निशाने साधे हैं। डा. बलबीर सिंह आम आदमी पार्टी के पुराने और वफादार सिपाही हैं। उन्होंने अन्ना हजारे के आंदोलन समय ‘आप’ के कन्वीनर और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल का साथ देना शुरू किया था। इस उपरांत वह हमेशा आम आदमी पार्टी के वफादार रहे।
उन्होंने साल 2017 में पटियाला हलके से कैप्टन अमरेंद्र सिंह के खिलाफ ‘आप’ के उम्मीदवार के तौर पर तब चुनाव लड़ा जब बाकी सभी लोग कैप्टन अमरेंद्र सिंह को ‘हराया न जा सकने वाला’ व्यक्ति मानते थे परंतु डा. बलबीर सिंह ने पूरी दृढ़ता के साथ ‘आप’ का प्रचार किया। डा. बलबीर सिंह को एक समय आम आदमी पार्टी पंजाब का को-कन्वीनर भी नियुक्त किया गया। उन्होंने 2022 में पटियाला देहाती हलके से चुनाव लड़ा और बड़ी जीत दर्ज की। जहां भगवंत मान ने डा. बलबीर सिंह के रूप में पुराने और वफादार साथी का चयन किया है, वहीं सेहत व मेडिकल शिक्षा विभाग एक डाक्टर के हवाले करके ‘आप’ सरकार के आलोचकों के मुंह भी बंद कर दिए हैं। ‘आप’ सरकार में यह चर्चा बनी हुई थी कि कई विधायक डाक्टर होने और मंत्रालय में 2-3 डाक्टर मंत्री होने के बावजूद सेहत विभाग एक कम पढ़े-लिखे मंत्री को क्यों दिया गया।
डा. बलबीर सिंह ने विधायक चुने जाने के बाद भी पटियाला और अन्य इलाकों में अपने आंखों के आप्रेशन कैम्प जारी रखे हुए हैं। उनकी नम्रता और सादगी विधायक बनने के बावजूद उसी तरह कायम है। भगवंत मान ने भी दिखा दिया है कि वह किसी भी तरह के राजनीतिक दबाव में नहीं आते और उन्होंने सही पद के लिए सही व्यक्ति का चयन किया है। डा. बलबीर सिंह के सेहत मंत्री बनने से पटियाला देहाती हलके के लोगों की एक बार फिर से लाटरी लग गई है। पिछली बार कांग्रेस सरकार में नंबर 2 माने जाते ब्रह्म महेन्द्रा इस हलके से विधायक थे जो मंत्री बने थे और इस बार डा. बलबीर सिंह मंत्री बन गए हैं।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here
पंजाब की खबरें Instagram पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here