खूनी डोर ने ली एक और जान, बधाई मांगकर घर लौट रहे व्यक्ति की गला कटने से मौ/त

punjabkesari.in Tuesday, Nov 17, 2026 - 01:59 PM (IST)

तरनतारन (रमन): प्रतिबंधित चाइना डोर एक बार फिर इंसानी जिंदगी के लिए काल बनकर सामने आई है। तरनतारन में पतंगबाजी का सीजन शुरू होते ही चाइना डोर से एक व्यक्ति की मौत हो गई। बधाई मांगने के बाद मोटरसाइकिल पर सवार होकर घर लौट रहे व्यक्ति के गले में अचानक पतंग उड़ाने के लिए इस्तेमाल की जा रही खूनी चाइना डोर फिर गई। इसके चलते उसका गला बुरी तरह जख्मी हो गया। गंभीर हालत में उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई।

हरबंस सिंह पुत्र जुगलाल सिंह निवासी चोहला साहिब ने सिविल अस्पताल में बताया कि बीती 14 नवम्बर को वह और उसका बेटा प्रताप सिंह (41), अमृतसर से बधाई मांगकर वापस घर लौट रहे थे। जब वे कस्बा चोहला साहिब के सूए के नजदीक पहुंचे तो अचानक चाइना डोर उसके बेटे प्रताप सिंह के गले में फिर गई, जिसके चलते मोटरसाइकिल का संतुलन बिगड़ गया और वे दोनों नीचे गिर पड़े। हरबंस सिंह ने बताया कि जब उसने उठकर अपने बेटे को संभालने की कोशिश की तो उसके गले से काफी अधिक खून बह रहा था। इसके बाद किसी वाहन का प्रबंध करके उसे तुरंत तरनतारन के गुरु नानक देव अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां बीते दिन रात करीब 8 बजे उसके बेटे प्रताप सिंह की मौत हो गई।

हरबंस सिंह ने बताया कि इस संबंध में थाना चोहला साहिब की पुलिस को सूचना दे दी गई है। उन्होंने बताया कि प्रताप सिंह के 3 बच्चे हैं। इस दौरान पारिवारिक सदस्यों ने खुलेआम हो रहे चाइना डोर के इस्तेमाल पर तुरंत रोक लगाने के साथ-साथ इसका कारोबार करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। इस घटना ने एक बार फिर जिला प्रशासन और पुलिस द्वारा चाइना डोर की बिक्री, स्टोरेज और इस्तेमाल पर लगाई गई पाबंदियों को लागू करवाने की व्यवस्था पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं।

एक मौत के बाद जागेगा प्रशासन या अन्य हादसों का करेगा इंतजार?

तरनतारन जिले में पतंगबाजी का सीजन शुरू होते ही सामने आई इस जानलेवा घटना के बाद जरूरत है कि जिला प्रशासन विशेष अभियान चलाए। स्कूलों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएं, डोर बेचने वालों की जांच की जाए और गैर-कानूनी बिक्री की सूचना देने के लिए लोगों को प्रोत्साहित किया जाए। इसके साथ ही पुलिस द्वारा प्रतिबंध का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ की गई कार्रवाई की जानकारी सार्वजनिक की जानी चाहिए।

चाइना डोर बेचने, इस्तेमाल करने और स्टॉक रखने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई : एस.एस.पी. सुरिंदर लांबा

एस.एस.पी. सुरिंदर लांबा ने बताया कि चाइना डोर की बिक्री, इस्तेमाल और स्टॉक करने वालों के खिलाफ पहले भी कानूनी कार्रवाई की जाती रही है और अब भी सख्ती से कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने अपील की कि यदि किसी व्यक्ति को चाइना डोर बेचने वाले के संबंध में जानकारी मिलती है तो वह गुप्त रूप से पुलिस को इसकी सूचना दे सकता है। सूचना देने वाले व्यक्ति का नाम और पता गोपनीय रखा जाएगा। उन्होंने बताया कि इस संबंध में पुलिस द्वारा स्कूलों, कॉलेजों और आम लोगों के बीच जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

प्रतिबंध सिर्फ कागजों तक सीमित? चाइना डोर की सप्लाई पर कौन लगाएगा रोक

जिला मैजिस्ट्रेट द्वारा चाइना डोर की बिक्री, भंडारण और इस्तेमाल पर प्रतिबंध संबंधी आदेश जारी किए जाने के बावजूद ऐसी घटनाएं सामने आना प्रशासनिक कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करता है। जरूरत है कि पुलिस और सिविल प्रशासन संयुक्त टीमें बनाकर पतंग और डोर बेचने वाली दुकानों, गोदामों तथा गैर-कानूनी सप्लाई करने वालों की जांच करे। प्रतिबंधित डोर बेचने और स्टोर करने वालों के खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाए।

पतंगबाजी का शौक किसी परिवार के लिए न बन जाए उम्र भर का दुख

पतंगबाजी बच्चों और युवाओं का पसंदीदा शौक है, लेकिन कुछ लोगों द्वारा पतंगों के पेंच जीतने के लिए इस्तेमाल की जाने वाली खतरनाक डोर किसी बेगुनाह की जिंदगी छीन सकती है। अभिभावकों की भी जिम्मेदारी बनती है कि वे अपने बच्चों को चाइना डोर के खतरों के बारे में जागरूक करें और इसके इस्तेमाल से रोकें। पतंग उड़ाने के लिए सुरक्षित सूती डोर का इस्तेमाल किया जाए।

दोपहिया वाहन चालकों के लिए बड़ा खतरा, गले पर सीधा वार करती है डोर

चाइना डोर सबसे अधिक खतरनाक मोटरसाइकिल और स्कूटर सवारों के लिए साबित हो सकती है। सड़क पर अचानक सामने आने वाली बारीक डोर दूर से दिखाई नहीं देती और गले या चेहरे से टकराने पर गंभीर चोट पहुंचा सकती है। लोगों को चाहिए कि पतंगबाजी वाले इलाकों में वाहन सावधानी से चलाएं और हेलमेट का इस्तेमाल करें। डोर से गले पर गहरा जख्म होने की स्थिति में तुरंत आपातकालीन चिकित्सा सहायता ली जाए।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here


 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Kalash

Related News