व्यस्त बाजार में 2 गुटों के बीच खूनी झड़प, इलाके में बना दहशत का माहौल
punjabkesari.in Tuesday, Nov 17, 2026 - 11:16 AM (IST)
गोराया (मुनीश): गोराया के बड़ा पिंड रोड स्थित व्यस्त बाजार में युवकों के 2 गुटों के बीच जमकर झड़प हो गई। इस दौरान दोनों पक्षों के युवकों ने एक-दूसरे पर धारदार हथियारों से हमला किया और एक सफारी गाड़ी में जमकर तोड़फोड़ की। घटना में कुछ युवकों के घायल होने की सूचना है। दिनदिहाड़े भीड़भाड़ वाले बाजार में हुई इस घटना से इलाके में दहशत का माहौल बन गया।
मिली जानकारी के अनुसार कुछ युवक एक फास्ट फूड की दुकान पर बैठे हुए थे। इसी दौरान बिना नंबर प्लेट वाली एक सफारी गाड़ी में कुछ युवक वहां पहुंचे। उनमें से एक युवक गाड़ी से उतरकर दुकान के अंदर चला गया। बताया जा रहा है कि दुकान में बैठे 4-5 युवकों ने उसे देखा और उसके पीछे बाहर आ गए। बाहर पहले से मौजूद अन्य युवकों के साथ उनकी कहासुनी शुरू हो गई, जो देखते ही देखते हाथापाई में बदल गई। इस दौरान कुछ युवकों ने धारदार हथियार निकाल लिए और एक-दूसरे पर हमला कर दिया। झड़प में कुछ युवकों के घायल होने की बात सामने आई है।
इसी दौरान एक पक्ष के युवकों ने सफारी गाड़ी में जमकर तोड़फोड़ की और उसकी चाबियां भी छीन लीं। इसके चलते गाड़ी सड़क के बीचोंबीच खड़ी रह गई और बड़ा पिंड रोड पर लंबा ट्रैफिक जाम लग गया। सूचना मिलने पर गोराया पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक दोनों पक्षों के युवक वहां से फरार हो चुके थे। बाद में पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से गाड़ी को सड़क से हटवाया।
घटना के बाद पुलिस की प्रतिक्रिया को लेकर भी सवाल उठे। स्थानीय लोगों का कहना है कि उन्होंने पुलिस को सूचना दी थी, लेकिन पुलिस काफी देर बाद मौके पर पहुंची। वहीं, एस.एच.ओ. का आधिकारिक फोन बंद होने की बात सामने आई। जानकारी के अनुसार, एसएचओ छुट्टी पर थे। डी.एस.पी. फिल्लौर से भी संपर्क नहीं हो सका।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

