भवानीगढ़ में लूट की बड़ी वारदात! घर में घुसकर परिवार पर हमला

punjabkesari.in Tuesday, Nov 17, 2026 - 06:10 PM (IST)

भवानीगढ़ (कांसल): भवानीगढ़ शहर में लुटेरों के हौसले बढ़ते दिख रहे हैं। बीती रात शहर के घनी आबादी वाले दशमेश नगर में लूट के इरादे से 2 अनजान लोग घर में घुसे और मां-बेटे पर हमला कर दिया। हमलावरों ने बेटे के सिर पर किसी नुकीली चीज से वार किया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। इस दौरान आरोपी उसकी सोने की चेन लूटकर भाग गए। वहीं, पीड़ित परिवार ने पुलिस पर सूचना देने के बावजूद समय पर न पहुंचने का गंभीर आरोप लगाया है।

घर के मालिक अभिषेक शर्मा ने बताया कि रात को खाना खाने के बाद वह अपने 3 साल के बच्चे के साथ पहली मंजिल पर बने कमरे में सोने चला गया था। इसी बीच छत पर किसी के चलने की आवाज सुनाई दी। वह देखने के लिए छत पर गया तो उसकी मां नीतू शर्मा भी पीछे-पीछे आ गई। जब उन्होंने यहां पहले से मौजूद 2 अनजान लोगों से छत पर आने का कारण पूछा तो आरोपियों ने अचानक उसकी मां को धक्का दे दिया और अभिषेक के साथ मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान हमलावरों ने अभिषेक के सिर पर किसी नुकीली चीज से वार किया, जिससे वह बेहोश हो गया। आरोपी उसकी सोने की चेन लेकर मौके से भाग गए। घायल व्यक्ति को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पीड़ित अभिषेक का आरोप है कि उसने घटना के दौरान पुलिस को फोन किया था और 112 पर भी सूचना दी थी, लेकिन पुलिस समय पर मौके पर नहीं पहुंची। परिवार का कहना है कि अगर पुलिस तुरंत पहुंच जाती तो आरोपियों को मौके पर ही गिरफ्तार किया जा सकता था। घटना के बाद जमा हुए मोहल्ले के लोगों ने भी पुलिस प्रशासन की कारगुजारी पर सवाल उठाए हैं।

दूसरी ओर, जब इस मामले को लेकर भवानीगढ़ थाने के SHO इंस्पेक्टर गुरप्रीत सिंह समराव से फोन पर बात की गई तो उन्होंने कहा कि पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और घटना में शामिल आरोपियों की पहचान कर जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा। फिलहाल, इस घटना के बाद दशमेश नगर के लोगों में डर का माहौल है। घनी आबादी वाले इलाके में घर की छत के रास्ते घुसकर लूटपाट और मारपीट की इस घटना ने लोगों की सुरक्षा को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। अब देखना यह है कि पुलिस को आरोपी को गिरफ्तार करने में कितना समय लगेगा।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Kamini

Related News