अध्यापकों का रुक सकता है मेहनताना! 26 नवम्बर से पहले जरूर कर लें ये काम

punjabkesari.in Tuesday, Nov 17, 2026 - 11:00 AM (IST)

लुधियाना (विक्की): बोर्ड परीक्षा की कॉपियां जांचने वाले अध्यापकों का मेहनताना अब एक छोटी-सी गलती पर अटक सकता है। बैंक खाते का एक नंबर गलत हुआ या आई.एफ.एस.सी. कोड में चूक रह गई तो पेमैंट लटक सकती है। सैंट्रल बोर्ड ऑफ सैकेंडरी एजुकेशन (सी.बी.एस.ई.) ने इसी खतरे को देखते हुए इवैल्युएशन सैंटरों के चीफ नोडल सुपरवाइजरों को सख्त निर्देश जारी किए हैं। सी.बी.एस.ई. ने एक सर्कुलर जारी कर कहा है कि आई.पी.एस. स्पॉट इवैल्युएशन पोर्टल पर सारा डाटा भरकर उसकी जांच की जाए और पेमैंट की जानकारी फ्रीज की जाए। इसके लिए 26 नवम्बर आखिरी तारीख तय की गई है। यह मामला सत्र 2025-26 की 10वीं और 12वीं कक्षा की आंसर शीट की चैकिंग से जुड़ा है जिसके लिए यह पोर्टल 16 सितम्बर को शुरू हुआ था।

12वीं के लिए पुराना डाटा हटाया, 10वीं में तारीख भरने का नया विकल्प

बोर्ड ने 12वीं कक्षा के लिए पोर्टल से पुराना फाइनल डाटा हटाकर उसकी जगह ओ.एस.एम. यानी ऑन स्क्रीन मार्किंग सिस्टम से मिले असली इवैल्युएशन रिकॉर्ड डाले हैं, जिसमें हैड एग्जामिनर, असिस्टैंट हैड एग्जामिनर व एग्जामिनर का ब्यौरा शामिल है। वहीं, 10वीं कक्षा के लिए पोर्टल पर कॉपियां जांचने का काम पूरा होने की तारीखें भरने का नया ऑप्शन जोड़ा गया है।

इन जानकारियों की जांच जरूरी

चीफ नोडल सुपरवाइजरों को पोर्टल पर बैंक खाता नंबर, आई.एफ.एस.सी. कोड, मोबाइल नंबर, ओएसिस आई.डी. तथा अध्यापकों व स्टाफ के नाम व उनकी स्पैलिंग की बारीकी से जांच करनी होगी। साथ ही, जिन अध्यापकों की हाजिरी ओ.एस.एम. लॉगिन में दर्ज नहीं हो पाई लेकिन वे सैंटर पर पूरे दिन मौजूद रहे, उन्हें भी उस दिन का भत्ता, आने-जाने का खर्च और खाने का पैसा मिलेगा। इसके लिए सुपरवाइजर को क्लेम बनाकर रिजनल ऑफिस भेजना होगा।

डाटा फाइनल होने के बाद नहीं होगा कोई सुधार

बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि सबसे पहले चीफ नोडल सुपरवाइजर अपना ब्यौरा भरेंगे और उसके बाद हैड एग्जामिनर व सहायक स्टाफ की जानकारी दर्ज होगी। सभी एंट्री के बाद 'वैलिडेट डाटा' का विकल्प चुनकर गलतियां सुधारनी होंगी और घोषणा पत्र की पुष्टि करनी होगी। एक बार डाटा सर्टिफाई होने के बाद उसमें कोई बदलाव नहीं हो सकेगा, इसलिए अध्यापकों को भी सलाह दी गई है कि वे अपने सैंटर के सुपरवाइजर से मिलकर अपना ब्यौरा खुद जांच लें।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Kalash

Related News