लुधियाना बस स्टैंड पर अचानक भड़की आग, आसमान में छाया काले धुएं का गुबार
punjabkesari.in Tuesday, Nov 17, 2026 - 08:39 AM (IST)
लुधियाना (राज): महानगर के अति-व्यस्त बस स्टैंड परिसर में उस समय भारी अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया, जब बस स्टैंड के अंदर स्थित बसों की मरम्मत करने वाली वर्कशॉप में बने पुराने टायरों के गोदाम में अचानक भीषण आग लग गई। रबड़ के टायरों में आग लगने के कारण लपटें इतनी तेजी से भड़कीं कि देखते ही देखते आसमान में काले धुएं का घना गुबार छा गया, जिसे दूर-दूर से देखा जा सकता था।
आग की भयावहता को देखते हुए दमकल विभाग की 5 से 10 गाड़ियां तुरंत मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाने का अभियान शुरू किया।मिली जानकारी के अनुसार, लुधियाना बस स्टैंड के भीतर स्थित वर्कशॉप में भारी मात्रा में पुराने टायर स्टोर कर रखे गए थे। अचानक इस गोदाम से धुआं और आग की लपटें उठती दिखाई दीं। चूंकि गोदाम में टायर और ज्वलनशील सामग्री मौजूद थी, इसलिए आग ने कुछ ही मिनटों में विकराल रूप धारण कर लिया। बस स्टैंड परिसर में मौजूद यात्रियों, चालकों और कर्मचारियों में हड़कंप मच गया और लोग सुरक्षित स्थानों की ओर भागने लगे।
सूचना मिलते ही दमकल विभाग की एक के बाद एक 5 से 10 गाड़ियां घटनास्थल पर पहुंच गईं। दमकल कर्मियों ने चारों तरफ से पानी की बौछारें मारकर आग को वर्कशॉप के अन्य हिस्सों और वहां खड़ी बसों तक फैलने से रोकने के लिए मोर्चा संभाल लिया। अधिकारियों द्वारा जल्द से जल्द आग पर पूरी तरह काबू पा लेने का दावा किया गया है।राहत की बात यह रही कि इस भीषण अग्निकांड में किसी भी प्रकार के जानी नुकसान से बचाव रहा है, हालांकि गोदाम में रखे टायर और अन्य सामान जलने से बड़े पैमाने पर माली नुकसान होने की आशंका जताई जा रही है।

