CIA स्टाफ की बड़ी कार्रवाई, हेरोइन के साथ तस्कर गिरफ्तार
punjabkesari.in Tuesday, Jul 21, 2026 - 05:37 PM (IST)
फरीदकोट (राजन): पंजाब पुलिस की नशा विरोधी मुहिम के तहत सी.आई.ए. स्टाफ फरीदकोट ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए एक कार सवार व्यक्ति को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 810 ग्राम हेरोइन बरामद की है। पुलिस ने आरोपी से एक मोबाइल फोन, तलाशी के दौरान 4 हजार रुपये की नकदी तथा कार भी कब्जे में ले ली है।
जानकारी के अनुसार सी.आई.ए. स्टाफ के सहायक थाना प्रभारी हाकम सिंह पुलिस पार्टी के साथ संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग के सिलसिले में दाना मंडी चंदबाजा में मौजूद थे। इसी दौरान मंडी में एक कार संदिग्ध अवस्था में खड़ी दिखाई दी। पुलिस ने कार के पास जाकर उसमें बैठे व्यक्ति से पूछताछ की और कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए वाहन की तलाशी ली।
तलाशी के दौरान कार में रखे एक बैग से 810 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया। इसके अलावा एक मोबाइल फोन, व्यक्तिगत तलाशी के दौरान 4 हजार रुपये की नकदी तथा कार को भी जब्त कर लिया गया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान हरदीप सिंह निवासी साधां वाली बस्ती, वार्ड नंबर-22, थाना सिटी-2, जिला मोगा के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है। जांच अधिकारियों के अनुसार आरोपी से गहन पूछताछ की जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि हेरोइन की इतनी बड़ी खेप कहां से लाई गई थी, इसके पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं तथा इसे आगे किन लोगों तक पहुंचाया जाना था।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

