Flipkart कर्मचारी से लूट का मामला सुलझा, लाखों की नकदी सहित 3 आरोपी गिरफ्तार

punjabkesari.in Monday, Oct 26, 2026 - 03:27 PM (IST)

फरीदकोट (राजन): फरीदकोट पुलिस ने लूटपाट की वारदातों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए फ्लिपकार्ट कर्मचारी से 4.27 लाख रुपये की नकदी से भरा बैग छीनने के मामले में 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटी गई नकदी में से 4 लाख 11 हजार रुपये और वारदात में इस्तेमाल की गई 2 मोटरसाइकिलें भी बरामद की हैं। इस संबंध में एस.पी. (इन्वेस्टिगेशन) नरेंद्र सिंह ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान जानकारी दी।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गुरजोत सिंह निवासी डोगर बस्ती, बिक्रमजीत सिंह निवासी न्यू कैंट रोड और मनीष सिंह निवासी दशमेश नगर, फरीदकोट के रूप में हुई है। एस.पी. नरेंद्र सिंह ने बताया कि 21 अक्टूबर 2026 को फ्लिपकार्ट का एक कर्मचारी 4,27,800 रुपये की एकत्रित नकदी बैंक में जमा करवाने के लिए स्कूटी पर जा रहा था। जब वह कोटकपूरा रोड पर घोड़ा चौक के पास पहुंचा तो पीछे से मोटरसाइकिलों पर आए आरोपियों ने उसे स्कूटी से नीचे गिरा दिया और नकदी से भरा बैग छीनकर फरार हो गए।

इस संबंध में थाना सिटी फरीदकोट में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। जांच के दौरान मुकदमे में धारा 317(2) बी.एन.एस. भी जोड़ी गई। उन्होंने बताया कि मामले की जांच के दौरान सहायक थानेदार हरचरण सिंह ने पुलिस पार्टी के साथ कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों से 4,11,000 रुपये की नकदी बरामद करने के अलावा वारदात में इस्तेमाल की गई 2 मोटरसाइकिलें भी कब्जे में ली हैं। एस.पी. ने बताया कि आरोपियों को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड हासिल करने की कार्रवाई की जा रही है। रिमांड के दौरान पूछताछ में अन्य वारदातों के संबंध में भी अहम खुलासे होने की उम्मीद है। उल्लेखनीय है कि फरीदकोट रेंज की आई.जी. जगदले निलाबरी विजय के नेतृत्व और एस.एस.पी. गुरबंस सिंह बैंस की अगुवाई में फरीदकोट पुलिस द्वारा लूटपाट और स्ट्रीट क्राइम की वारदातों पर अंकुश लगाने के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Kamini

Related News