CM भगवंत मान का जालंधर वासियों के लिए बड़ा ऐलान, आसान होगा बस से लोकल सफर
punjabkesari.in Saturday, Jul 15, 2023 - 12:02 PM (IST)

जालंधर : ज्यों ज्यों शहरों का दायरा बढ़ता है, उस हिसाब से शहर में पब्लिक ट्रांसपोर्ट सिस्टम की जरूरत भी महसूस होती है ताकि उस शहर की सड़कों पर प्राइवेट वाहनों का दबाव कम हो सके और ज्यादा से ज्यादा लोगों तक पब्लिक ट्रांसपोर्ट सिस्टम की सुविधा पहुंच सके। इस मामले में पंजाब के शहर काफी पीछे रह गए प्रतीत हो रहे हैं क्योंकि जालंधर जैसे 10 लाख से भी ज्यादा आबादी वाले शहर में पब्लिक ट्रांसपोर्ट के नाम पर कुछ भी नहीं है।
अब राज्य के शहरों की दिशा और दशा सुधारने में लगे पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने जालंधर जैसे शहर में पब्लिक ट्रांसपोर्ट सिस्टम यानी सिटी बस सर्विस शुरू करने के निर्देश अफसर शाही को दिए हैं। जालंधर स्मार्ट सिटी ने मुख्यमंत्री से प्राप्त निर्देशों पर अमल भी शुरू कर दिया है जिसके तहत स्मार्ट सिटी के सी.ई.ओ. अभिजीत कपलिश ने दो संस्थाओं के साथ एक एम.ओ.यू. साइन किया है जिसके आधार पर पब्लिक ट्रांसपोर्ट सिस्टम यानी सिटी बस सर्विस को शुरू करने तथा इसे सफल बनाने की संभावनाएं तलाशी जाएंगी।
फ्री कंसलटेंसी सर्विसिज देंगे दोनों संस्थान
स्मार्ट सिटी जालंधर ने यह एम.ओ.यू संदीप गांधी आर्किटेक्ट्स तथा काउंसिल ऑन एनर्जी एनवायरनमोट एंड वाटर के साथ किया है। यह दोनों ही संस्थान जालंधर स्मार्ट सिटी को फ्री कंसलटेंसी सर्विस प्रदान करेंगे कि शहर में कितनी बसें चलाए जाने की जरूरत है, किस किस रूट पर सिटी बस चलाना वाजिब रहेगा, इस मामले में ऑटो रिक्शा चालक तथा अन्य वाहन क्या अड़चने खड़ी कर सकते हैं। कितनी छोटी और कितनी बड़ी बसें चलनी चाहिए। जालंधर में सिटी बस सर्विस प्रोजेक्ट कैसे सफलतापूर्वक कार्य कर सकता है, इसे लेकर सभी संभावनाएं इस दोनों संस्थाओं द्वारा किए जाने वाले सर्वे में प्रदर्शित की जाएगीं।
10-12 साल पहले सफलतापूर्वक चला करती थीं सिटी बसें
अकाली भाजपा सरकार के कार्यकाल दौरान जालंधर में सिटी बस सर्विस शुरू की गई थी परंतु जालंधर निगम के अधिकारी इस सर्विस को ज्यादा लंबे समय तक चालू ही नहीं रख पाए और कंपनी को कई अड़चने आईं जिस कारण 10 साल पहले इन बसों का परिचालन रोक दिया गया था।
कुछ सालों तक इन सिटी बसों ने शहर निवासियों को अच्छी खासी पब्लिक ट्रांसपोर्ट सिस्टम की सुविधा दी थी और मात्र 10-20 रुपए में लोग इन बसों में सफर करने लगे थे। अब भी देखना होगा कि आने वाले समय में अगर यह प्रोजेक्ट चालू होता है तो क्या जालंधर निगम इसे चला पाएगा।
स्मार्ट सिटी कंपनी ने अब तक इस मामले में कुछ नहीं किया
जालंधर में पब्लिक ट्रांसपोर्ट सिस्टम की जरूरत को देखते हुए स्मार्ट सिटी के तहत भी कई साल पहले सिटी बस प्रोजेक्ट बनाया गया और इसके लिए 150 के करीब बसों की व्यवस्था करने के दावे भी किए गए परंतु स्मार्ट सिटी कंपनी ने पब्लिक ट्रांसपोर्ट सिस्टम लाने के लिए कोई प्रोजेक्ट सिरे ही नहीं चढ़ाया और सिटी बस सबंधी प्रोजेक्ट भी फाइलों में उलझ कर रह गया। अब माना जा रहा है कि सी.एम से मिले निर्देशों के आधार पर शहर में जल्द सिटी बसें दौड सकती हैं।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here
पंजाब की खबरें Instagram पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here