CM भगवंत मान चार साल के फेल मॉडल का हिसाब दें : तरुण चुग
punjabkesari.in Wednesday, Apr 29, 2026 - 05:39 PM (IST)
चंडीगढ़ : भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री तरुण चुग ने मुख्यमंत्री भगवंत मान द्वारा 1 मई को बुलाए गए पंजाब विधानसभा के विशेष सत्र को “खजाने की लूट और एक बेवजह राजनीतिक सर्कस” करार दिया। उन्होंने कहा कि अपनी बिखरती पार्टी और डगमगाते विधायकों को संभालने के लिए एवं पंजाब सरकार की नाकामी, नालायकी, वायदाखिलाफी, माफियाराज, गैंगस्टर राज एवं उगाही तंत्र से उपजे जन आक्रोश से ध्यान हटाने के लिए भगवंत मान सरकार विधानसभा जैसे पवित्र सदन का दुरुपयोग कर रही है।
चुग ने कहा, “मान साहब, सत्र बुलाने से पहले पंजाब को बताइए कि चार साल में ‘बदलाव’ के नाम पर आपने पंजाब को किस हाल में पहुंचाया है। भ्रष्टाचार, गुंडागर्दी और अंदरूनी कलह से आपकी पार्टी खुद ही अविश्वास में डूबी हुई है।” उन्होंने स्पष्ट कहा कि अगर सरकार गंभीर है तो मजदूर दिवस पर दिखावे की राजनीति छोड़कर कर्मचारियों के डीए और बकाया के लिए Rs. 15,000 करोड़ तुरंत जारी करे।
कांग्रेस और आम आदमी पार्टी पर हमला बोलते हुए चुग ने कहा कि पंजाब में दोनों दल “नूरा कुश्ती” खेल रहे हैं। “दिल्ली में दोस्ती और पंजाब में विरोध का नाटक कर जनता को गुमराह किया जा रहा है। कांग्रेस पूरी तरह विफल विपक्ष साबित हुई है।”
नेता प्रतिपक्ष प्रताप सिंह बाजवा पर निशाना साधते हुए चुग ने कहा, “बाजवा जी, मुख्यमंत्री के चुटकुलों पर ताली बजाना बंद कीजिए। जनता ने आपको सवाल पूछने के लिए नेता प्रतिपक्ष जैसा जिम्मेदार पर दिया है, आपदा पार्टी की लूट की स्क्रिप्ट का हिस्सा बनने के लिए नहीं।” सच यह है की आपदा पार्टी का जन्म कांग्रेस के पापों से हुआ और कांग्रेस के समर्थन से दिल्ली में सत्ता में पहुंचे और ज्ञात रहे की 2024 में आप पार्टी एवं कांग्रेस पार्टी ने मिलकर लोकसभा चुनाव लड़ा था। ‘गद्दार’ की बहस पर पलटवार करते हुए चुग ने कहा, “पंजाब जानता है असली गद्दार कौन हैं। गद्दार वे हैं जिन्होंने पंजाब के सपनों को कुचला, खनन माफिया के जरिए Rs. 20,000 करोड़ लूटे, युवाओं का भविष्य छीना।” उन्होंने आगे कहा, “गद्दार वे हैं जिन्होंने 50 महीने बीत जाने के बाद भी महिलाओं को वादा किया गया आर्थिक सहयोग नहीं दिया, हजारों करोड़ का बकाया लटका हुआ है। किसानों से MSP और कर्ज माफी के वादे झूठ साबित हुए। शिक्षा और स्वास्थ्य क्रांति के नाम पर सिर्फ धोखा हुआ।”
चुग ने आरोप लगाया कि “आज पंजाब पर Rs. 4.75 लाख करोड़ का कर्ज चढ़ा दिया गया है और राज्य को वर्षों पीछे धकेल दिया गया है।” उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी अपने ही भीतर बिखर रही है। “इंडिया अगेंस्ट करप्शन आंदोलन के संस्थापक चेहरे आज साथ नहीं हैं। नींव के पत्थर हट चुके हैं और अब जर्जर ढांचा खड़ा है।”
न्यायलय प्रकरण पर केजरीवाल की राजनीति पर निशाना साधते हुए चुग ने कहा, “भारत का लोकतंत्र किसी आरोपी की इच्छा से नहीं चलता। यह संविधान और न्याय प्रक्रिया से चलता है। अदालत तय करेगी कि न्याय कैसे होगा, न कि कोई आरोपी।” चुग ने कहा कि पंजाब की जनता सब देख रही है और 2027 में आपदा और कापदा दोनी को इसका करारा जवाब देगी

