एक बार फिर आमने-सामने हुए CM मान व राज्यपाल पुरोहित, जानें अब क्या है मामला

punjabkesari.in Wednesday, Dec 14, 2022 - 09:11 AM (IST)

चंडीगढ़/जालंधर (अश्वनी, धवन): पंजाब के राज्यपाल व चंडीगढ़ के प्रशासक बनवारी लाल पुरोहित और मुख्यमंत्री भगवंत मान एक बार फिर आमने-सामने आ गए हैं। इस बार मामला चंडीगढ़ के एस.एस.पी. कुलदीप सिंह चहल को अचानक पद से हटाकर पंजाब कैडर में वापस भेजने का है। 

मुख्यमंत्री ने राज्यपाल को इस बाबत पत्र लिखकर पंजाब कैडर के आई.पी.एस. अधिकारी को हटाने पर रोष जाहिर किया है। पंजाब के राज्यपाल बनवारी लाल पुरोहित को लिखे पत्र में मुख्यमंत्री ने उनको अवगत करवाया कि केंद्र शासित प्रदेश चंडीगढ़ के एस.एस.पी. के पद पर पारंपरिक तौर पर पंजाब कैडर का आई.पी.एस. अधिकारी ही तैनात होता है। इसी तरह यू.टी. का डिप्टी कमिश्नर हरियाणा कैडर का आई.ए.एस. अधिकारी नियुक्त होता है। भगवंत मान ने कहा कि उनको यह जानकर हैरानी हुई कि पंजाब कैडर के साल 2009 बैच के आई.पी.एस. अधिकारी कुलदीप सिंह चहल को समय से पहले ही पंजाब वापस भेज दिया गया है। 

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य के लिए यह और भी दुख की बात है कि चंडीगढ़ के एस.एस.पी. पद पर हरियाणा कैडर का आई.पी.एस. अधिकारी नियुक्त कर दिया गया। यह कदम पूरी तरह गैर-वाजिब है, क्योंकि इससे यू.टी. के मामलों को चलाने में राज्यों के बीच संतुलन बिगड़ रहा है। भगवंत मान ने कहा कि यदि किसी कारण एस.एस.पी. कुलदीप सिंह चहल को वापस भेजना ही था तो पहले पंजाब से आई.पी.एस. अधिकारियों का पैनल मांग लेना चाहिए था। इस मामले में राज्यपाल के दखल की मांग करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार जल्द ही एस.एस.पी. चंडीगढ़ के पद के लिए पंजाब कैडर के 3 आई.पी.एस. अधिकारियों का पैनल भेजेगी। उन्होंने उम्मीद जाहिर की कि पंजाब कैडर का आई.पी.एस. अधिकारी जल्द ही एस.एस.पी. चंडीगढ़ के पद पर नियुक्त होगा।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vatika

Recommended News

Related News