CM मान अपने पुराने स्टैंड पर कायम, बोले-राज्यपाल ने संवैधानिक परंपराओं को तोड़ा
punjabkesari.in Wednesday, Jun 14, 2023 - 11:45 AM (IST)

जालंधर : पंजाब के राज्यपाल बनवारी लाल पुरोहित को लेकर मुख्यमंत्री भगवंत मान अपने पुराने स्टैंड पर कायम हैं और वे लगातार राज्यपाल पर संवैधानिक परंपराओं को तोड़ने का आरोप लगा रहे हैं। मुख्यमंत्री ने पंजाब से बाहर प्रत्येक रैली में राज्यपाल पर पंजाब सरकार के कामकाज में अनावश्यक दखलअंदाजी देने के आरोप लगाए हैं।मुख्यमंत्री के करीबी नेताओं का मानना है कि भगवंत मान राज्यपाल द्वारा उन्हें भेजे गए किसी भी पत्र का जवाब नहीं देंगे क्योंकि उनका मानना है कि राज्यपाल अपने अधिकार क्षेत्र से बाहर जाकर सरकार के कामकाज में दखल दे रहे हैं।
मुख्यमंत्री भगवंत मान में कल तो राज्यपाल पर सीधा हमला बोल दिया था और कहा था कि राज्यपाल अपने संवैधानिक ड्यूटी निभाने में असफल रहे हैं और उन्होंने विधानसभा की कार्रवाई की वीडियो फुटेज भी जारी कर दिया था। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट तौर पर कह दिया था कि राज्यपाल ने लोकतांत्रिक परंपराओं को तोड़ा है जिसके तहत विधानसभा में राज्यपाल के अभिभाषण के दौरान राज्यपाल को ‘मेरी सरकार’ कह कर सदन को संबोधित करना होता है परंतु राज्यपाल ने ऐसा नहीं किया था।
राज्यपाल जहां एक और मुख्यमंत्री पर उनके द्वारा लिखे गए पत्रों के जवाब न देने के आरोप लगा रहे हैं तो दूसरी ओर मुख्यमंत्री का स्पष्ट स्टैंड है कि वह किसी भी पत्र का जवाब नहीं देंगे क्योंकि कभी भी पूर्व सरकारों के समय किसी भी राज्यपाल ने ऐसी दखलंदाजी नहीं की थी जैसा कि अब मौजूदा राज्यपाल कर रहे हैं। मुख्यमंत्री द्वारा राज्यपाल के खिलाफ आने वाले समय में और भी आक्रामक रुख अपनाया जा सकता है। मुख्यमंत्री ने अगले कुछ दिनों में पंजाब से बाहर चुनावी रैलियों में भाग लेना है और इस दौरान मुख्यमंत्री एक बार फिर से राज्यपाल पर पलटवार कर सकते हैं।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here
पंजाब की खबरें Instagram पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here