पंजाबी सिंगर राजवीर जवंदा का हाल जानने पहुंचे CM मान, लोगों से की यह अपील
punjabkesari.in Sunday, Sep 28, 2025 - 04:54 PM (IST)

पंजाब डेस्क: मशहूर पंजाबी सिंगर राजवीर जवंदा, जो हाल ही में हरियाणा के पिंजौर में सड़क हादसे का शिकार हुए थे, उनकी तबीयत अब पहले से बेहतर बताई जा रही है। शनिवार को हादसे के बाद उन्हें मोहाली के फोर्टिस अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
आज पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान खुद अस्पताल पहुंचे और जवंदा के परिवार से मिलकर उनकी सेहत की जानकारी ली। मीडिया से बातचीत में सीएम मान ने बताया कि डॉक्टरों के अनुसार राजवीर की हालत कल की तुलना में सुधार पर है। सिर में चोट लगने के कारण रिकवरी धीरे-धीरे हो रही है, लेकिन स्थिति संभल रही है।
सीएम मान ने यह भी कहा कि उन्होंने जवंदा की मां और पत्नी से मुलाकात की है और सरकार की तरफ़ से हर संभव मदद देने का भरोसा दिलाया है। उन्होंने लोगों से अपील की कि सोशल मीडिया पर अफवाहें फैलाने से बचें और केवल अस्पताल की ओर से जारी मेडिकल बुलेटिन पर ही भरोसा करें।
इसी बीच कई पंजाबी कलाकार भी जवंदा का हाल जानने अस्पताल पहुंचे। जानकारी के मुताबिक, हादसा तब हुआ जब राजवीर अपने दोस्तों के साथ बाइक राइड पर निकले थे। अचानक सड़क पर दो आवारा पशु आ जाने से उनकी मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर बोलेरो वाहन से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि राजवीर को सिर पर गंभीर चोटें आईं और बताया जा रहा है कि हादसे के बाद उन्हें दिल का दौरा भी पड़ा था।
फिलहाल डॉक्टरों का कहना है कि उनकी हालत स्थिर है और वे धीरे-धीरे ठीक हो रहे हैं। उनके चाहने वाले जल्द ही उन्हें फिर से स्टेज पर देखने की उम्मीद कर रहे हैं।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here