लुधियाना के पॉश इलाके में 18 वर्षीय युवती ने लगाया फंदा, कमरे में मिला शव

punjabkesari.in Saturday, Nov 21, 2026 - 09:05 AM (IST)

लुधियाना (राज): महानगर के पॉश इलाके ऋषि नगर में शुक्रवार देर शाम एक 18 वर्षीय युवती द्वारा संदिग्ध परिस्थितियों में फंदा लगाकर आत्महत्या करने का मामला सामने आया है। मृतका की पहचान शिवानी के रूप में हुई है। घटना का पता उस समय चला जब युवती काफी देर तक अपने कमरे से बाहर नहीं निकली। सूचना मिलते ही थाना पी.ए.यू. की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

मामले की जांच कर रहे थाना पी.ए.यू. के पुलिस अधिकारी दमनप्रीत ने बताया कि 18 वर्षीय शिवानी ऋषि नगर में एक व्यक्ति के घर पर काम करती थी और वहीं पर रहती थी। शुक्रवार देर शाम उसने अपने कमरे में जाकर छत के पंखे से चुन्नी के सहारे फंदा लगा लिया। जब काफी समय बीत जाने के बाद भी शिवानी कमरे से बाहर नहीं आई, तो घर के लोगों को संदेह हुआ और उन्होंने कमरे में देखा तो उसका शव फंदे से लटक रहा था। इसके बाद तुरंत पुलिस को सूचित किया गया।

पुलिस अधिकारी के अनुसार, मृतका शिवानी के माता-पिता इन दिनों उत्तर प्रदेश स्थित अपने पैतृक गांव गए हुए हैं। फिलहाल युवती द्वारा उठाए गए इस आत्मघाती कदम के पीछे के कारणों का पता नहीं चल पाया है और न ही मौके से कोई सुसाइड नोट मिलने की पुष्टि हुई है। थाना पी.ए.यू. की पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया है। पुलिस का कहना है कि मृतका के माता-पिता को सूचित कर दिया गया है और उनके लुधियाना पहुंचने के बाद परिजनों के बयान दर्ज किए जाएंगे, जिसके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vatika

Related News