बेखौफ लुटेरों का आतंक: स्कॉर्पियो सवार 4 बदमाशों ने लूटी फॉर्च्यूनर कार, लोगों में दहशत

punjabkesari.in Saturday, Nov 21, 2026 - 08:59 AM (IST)

लुधियाना/रायकोट (राज): ग्रामीण पुलिस जिला लुधियाना के अंतर्गत आते रायकोट इलाके में लूटपाट की वारदातें लगातार बढ़ती जा रही हैं। ताजा सनसनीखेज मामले में वीरवार रात करीब 10 बजे के बीच स्कॉर्पियो कार पर सवार होकर आए चार अज्ञात बदमाशों ने एक एन.आर.आई. और पूर्व सरपंच को रास्ते में घेरकर उनकी फॉर्च्यूनर कार लूट ली। बेखौफ बदमाशों ने पीड़ित के साथ मारपीट भी की और वारदात को अंजाम देने के बाद उन्हें सुनसान खेतों में अकेला छोड़कर कार सहित फरार हो गए। घटना के बाद इलाके के लोगों और प्रवासी भारतीयों में भारी दहशत व रोष व्याप्त है।

पुलिस को दिए गए बयानों में पीड़ित रणजोध सिंह तलवंडी राय (एन.आर.आई. एवं पूर्व सरपंच) ने बताया कि वीरवार रात करीब 10 बजे के बीच वह अपनी फॉर्च्यूनर कार (नंबर PB 09 T 0525) में सवार होकर रायकोट से गांव बुर्ज हरि सिंह की ओर जा रहे थे। रास्ते में जब वह लिंक रोड पर पहुंचे, तो वहां घात लगाए बैठे स्कॉर्पियो सवार चार अज्ञात बदमाशों ने अपनी गाड़ी आगे लगाकर उन्हें घेर लिया। इससे पहले कि रणजोध सिंह कुछ समझ पाते, चारों बदमाशों ने उन पर धावा बोल दिया और मारपीट करते हुए उनकी फॉर्च्यूनर कार छीन ली। लुटेरे पीड़ित को वहीं खेतों में छोड़कर उनकी गाड़ी लेकर फरार हो गए। वारदात के बाद किसी तरह संभलकर पीड़ित रणजोध सिंह ने इसकी सूचना पुलिस को दी और थाना सदर रायकोट में शिकायत दर्ज करवाई।

मामले की जानकारी देते हुए थाना सदर रायकोट के प्रभारी हीरा सिंह ने बताया कि पीड़ित के बयानों के आधार पर चार अज्ञात आरोपियों के खिलाफ लूट व मारपीट की धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। उधर, डी.एस.पी. रायकोट मुराद ने बताया कि पुलिस की विभिन्न टीमें मामले की गहनता से जांच कर रही हैं। पुलिस को घटनास्थल के आसपास के रास्तों से महत्वपूर्ण सी.सी.टी.वी. फुटेज भी मिल गई है, जिसके आधार पर संदिग्ध स्कॉर्पियो और लुटेरों की पहचान की जा रही है। उन्होंने दावा किया कि जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लूटी गई फॉर्च्यूनर कार बरामद कर ली जाएगी।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vatika

Related News