रंधावा मौ'त मामले पर कांग्रेस का चंडीगढ़ कूच, कहा-मंत्री की गिरफ्तारी नहीं तो आंदोलन तेज
punjabkesari.in Sunday, Mar 22, 2026 - 12:29 PM (IST)
पंजाब डेस्क : पंजाब वेयरहाउसिंग कॉर्पोरेशन के डीएम गगनदीप सिंह रंधावा की मौत को लेकर कांग्रेस ने सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। नेता प्रतिपक्ष प्रताप सिंह बाजवा ने एक वीडियो संदेश जारी कर कांग्रेस कार्यकर्ताओं से बड़ी संख्या में चंडीगढ़ पहुंचने की अपील की है। बाजवा ने बताया कि वे स्वयं चंडीगढ़ के लिए रवाना हो चुके हैं और फगवाड़ा पार कर चुके हैं।
प्रताप सिंह बाजवा ने आरोप लगाया कि 13 तारीख को डीएम गगनदीप सिंह रंधावा को कथित रूप से कैबिनेट मंत्री लालजीत सिंह भुल्लर, उनके पिता और निजी सहायक द्वारा बुलाया गया, जहां उन पर गंभीर मानसिक दबाव बनाया गया। बाजवा के अनुसार रंधावा के साथ मारपीट की गई और उनके परिवार को नुकसान पहुंचाने की धमकियां भी दी गईं, जिससे वह पूरी तरह टूट गए।
नेता प्रतिपक्ष ने यह भी दावा किया कि रंधावा ने अपनी सुरक्षा को लेकर पहले ही जिला प्रशासन और विभाग के उच्च अधिकारियों को लिखित रूप में अवगत कराया था, लेकिन मुख्यमंत्री के अधीन आने वाले विभाग में होने के बावजूद कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। उन्होंने पुलिस पर भी सवाल खड़े करते हुए कहा कि जानबूझकर एफआईआर दर्ज करने में देरी की गई और मामले को दबाने की कोशिश की गई।
इस पूरे प्रकरण को लेकर कांग्रेस और अन्य विपक्षी दलों ने सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। विपक्ष ने मंत्री की तत्काल गिरफ्तारी और निष्पक्षता सुनिश्चित करने के लिए सीबीआई जांच की मांग की है। इसी क्रम में आज दोपहर 12 बजे कार्यकर्ताओं को एकत्र होने और दोपहर 1 बजे चंडीगढ़ में एमएलए हॉस्टल से मुख्यमंत्री आवास तक मार्च कर घेराव करने का ऐलान किया गया है। विपक्ष ने साफ कहा है कि जब तक न्याय नहीं मिलेगा, मंत्री भुल्लर की गिरफ्तारी नहीं की जाती तब तक आंदोलन जारी रहेगा।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

