संविधान ही देश की आत्मा, इसकी रक्षा करना हर नागरिक का कर्तव्य : परगट सिंह

punjabkesari.in Monday, Jan 26, 2026 - 09:37 PM (IST)

पंजाब डैस्क : पूर्व शिक्षा मंत्री और विधायक परगट सिंह ने 77वें गणतंत्रता दिवस पर अमलोह में तिरंगा फहराया और देशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भारत का संविधान ही देश की आत्मा है और इसकी रक्षा करना हर नागरिक का कर्तव्य है। इस मौके पर विधायक परगट सिंह को दोशाला और स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। नाभा से पूर्व मंत्री रणदीप सिंह नाभा, हलका इंचार्ज रूपिंदर सिंह राजा गिल भी मौजूद रहे।

परगट सिंह ने कहा कि आज का दिन हमें डॉ. भीमराव अंबेडकर, जवाहरलाल नेहरू और संविधान सभा के सभी सदस्यों के योगदान को याद करने का अवसर देता है, जिनकी दूरदर्शिता से भारत एक लोकतांत्रिक, धर्मनिरपेक्ष और न्यायप्रिय गणराज्य बना।

परगट ने कहा कि वर्तमान समय में लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर करने, संविधानिक मूल्यों को चोट पहुंचाने और समाज में नफरत फैलाने की कोशिशें हो रही हैं, जो देश के लिए चिंताजनक हैं। कांग्रेस पार्टी संविधान, लोकतंत्र और आम नागरिक के अधिकारों की रक्षा के लिए हर स्तर पर संघर्ष करती रहेगी। यह भी कहा कि गणतंत्र दिवस केवल उत्सव का दिन नहीं, बल्कि सामाजिक न्याय, समानता, भाईचारे और आर्थिक सशक्तिकरण के संकल्प को दोहराने का दिन है। कांग्रेस ने युवाओं, किसानों, मजदूरों और महिलाओं के हितों की रक्षा को अपनी प्राथमिकता बताया। उन्होंने पंजाबियों से आह्वान किया कि वे संविधान की मर्यादाओं का सम्मान करें और एक मजबूत, समावेशी और प्रगतिशील भारत के निर्माण में अपना योगदान दें।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Subhash Kapoor

Related News