Ludhiana: कूड़ा खाली करने गए निगम के टिप्पर चालक पर हमला, साथियों में रोष

punjabkesari.in Wednesday, May 13, 2026 - 03:24 PM (IST)

लुधियाना (गणेश/सचिन): लुधियाना में निगम के एक टिप्पर चालक पर कथित तौर पर हमला किए जाने का मामला सामने आया है। जानकारी देते हुए चालक विक्की ने बताया कि वह प्रताप चौक से टिब्बा रोड स्थित ग्रीन टच प्राइवेट कंपनी में कूड़ा खाली करने गया था। इसी दौरान जब कंपनी का ऑपरेटर मशीन के जरिए टिप्पर का लॉक खोलकर कूड़ा खाली कर रहा था तो लॉक सही तरीके से नहीं खुल पाया।

PunjabKesari

विक्की के अनुसार उन्होंने ऑपरेटर को आराम से काम करने के लिए कहा, लेकिन इसी बात को लेकर विवाद बढ़ गया। आरोप है कि जैसे ही वह टिप्पर से नीचे उतरे तो ऑपरेटर ने उन पर ईंट से हमला कर दिया। देखते ही देखते वहां मौजूद करीब 50-60 लोगों ने भी उनके साथ मारपीट शुरू कर दी और दात, डंडों व अन्य तेज वस्तुओं से हमला कर दिया।

PunjabKesari

पीड़ित चालक ने बताया कि वहां काम करने वाले अधिकांश लोग निजी कंपनी से संबंधित थे। घटना की सूचना मिलते ही टिब्बा पुलिस की पीसीआर टीम मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी ली। पुलिस कर्मियों ने घायल चालक को पहले सिविल अस्पताल जाकर इलाज करवाने की सलाह दी। विक्की ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही उनके अधिकारी और अन्य साथी कर्मचारी भी मौके पर पहुंच गए थे। घटना के बाद निगम के अन्य टिप्पर चालकों में भारी रोष देखा जा रहा है। कर्मचारियों ने फिलहाल टिप्पर खाली करने से इंकार कर दिया है और मांग की है कि पहले आरोपी लोगों के खिलाफ कार्रवाई कर उन्हें इंसाफ दिया जाए।

पीड़ित चालक के अनुसार उनके सिर पर ईंट से वार किया गया, जबकि शरीर पर दात व डंडों से कई वार किए गए। फिलहाल सिविल अस्पताल में उनका इलाज चल रहा है तथा एमएलआर की प्रक्रिया भी जारी है। मामले को लेकर पुलिस द्वारा जांच की जा रही है।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Kamini

Related News