FBI के शिकंजे में पंजाब पुलिस का अधिकारी, Gangster जग्गू भगवानपुरिया गैंग से मिलीभगत के आरोप

punjabkesari.in Wednesday, Jul 08, 2026 - 02:42 PM (IST)

पंजाब डेस्क: अमेरिका की फेडरल ब्यूरो ऑफ इन्वेस्टिगेशन (FBI) की अंतरराष्ट्रीय कार्रवाई में पंजाब पुलिस के एक अधिकारी का नाम सामने आया है। अमेरिकी अदालत में पेश आरोपपत्र के मुताबिक, पंजाब पुलिस के अधिकारी गुरिंदरजीत सिंह पर गैंगस्टर जग्गू भगवानपुरिया के अपराध सिंडिकेट की मदद करने और झूठे हत्या के मामले दर्ज कराने के लिए लोगों को धमकाने का आरोप लगाया गया है।

जनवरी 2026 के एक हत्या मामले में फंसाने की धमकी दी धमकी
अमेरिकी न्याय विभाग के अनुसार, यह खुलासा 'ऑपरेशन हार्ड बॉल' के तहत लॉस एंजिलिस में दाखिल किए गए दस्तावेजों में हुआ। आरोप है कि गुरिंदरजीत सिंह ने गैंग के सदस्यों के साथ मिलकर उनके विरोधियों को झूठे मामलों में फंसाने और उनसे पैसे वसूलने का काम किया। FBI के मुताबिक, अप्रैल 2026 में कैलिफोर्निया के स्टॉकटन में रह रहे भारत के 22 वर्षीय गुरलाल सिंह, जिसे जग्गू भगवानपुरिया गैंग का सदस्य बताया गया है, ने एक व्यक्ति की जानकारी गुरिंदरजीत सिंह को दी। इसके बाद गुरिंदरजीत ने कथित तौर पर उस व्यक्ति के पिता को फोन कर पूरे परिवार को जनवरी 2026 के एक हत्या मामले में फंसाने की धमकी दी।

अभी तक कोई आधिकारिक नोटिस नहीं
आरोप है कि 13 अप्रैल को उन्होंने कहा कि परिवार के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया जाएगा। 16 अप्रैल को उन्होंने पैसे की मांग की और कहा कि रकम नहीं देने पर पिता, बेटे और बेटी—तीनों को आरोपी बना दिया जाएगा। मई 2026 में भी कथित तौर पर परिवार पर पैसे देने का दबाव बनाया गया। हालांकि, गुरिंदरजीत सिंह ने इन आरोपों से गलत ठहराया है। उनका कहना है कि उन्हें इस मामले की जानकारी केवल सोशल मीडिया से मिली है और अभी तक कोई आधिकारिक नोटिस नहीं मिला। उन्होंने यह भी कहा कि उन्हें नहीं पता कि उनका नाम इस मामले में क्यों जोड़ा गया है।

24 आरोपियों को किया गया था गिरफ्तार 
अमेरिकी आरोपपत्र में दावा किया गया है कि जग्गू भगवानपुरिया गैंग ने भारत में कुछ कथित भ्रष्ट पुलिस और सरकारी अधिकारियों की मदद से जबरन वसूली और विरोधियों के खिलाफ झूठे केस दर्ज कराने का नेटवर्क बनाया था। यह खुलासा उस समय हुआ है जब 7 जुलाई को अमेरिकी न्याय विभाग, FBI और कनाडा व यूरोप की एजेंसियों ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए भारत से जुड़े तीन बड़े अपराध सिंडिकेटों के खिलाफ अभियान चलाया। इस दौरान 24 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। इन सिंडिकेटों में लॉरेंस बिश्नोई, जग्गू भगवानपुरिया और कनाडा में बैठे रविंदर सिंह धांधा के नेटवर्क शामिल हैं। इन पर जबरन वसूली, मादक पदार्थों की तस्करी, अवैध हथियार, हत्या की साजिश और संगठित अपराध जैसे गंभीर आरोप लगाए गए हैं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vatika

Related News