लुधियाना के भीड़भाड़ वाले इलाके में सरेआम वारदात, CCTV खंगाल रही पुलिस
punjabkesari.in Sunday, Feb 15, 2026 - 12:18 PM (IST)
लुधियाना (राज): महानगर के अति व्यस्त और भीड़भाड़ वाले इलाके प्रताप चौक (डिवीजन नंबर 4) में शातिर अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। ताजा मामले में गढ़शंकर से लुधियाना आए एक व्यक्ति को शातिर जेबकतरे ने अपना शिकार बनाया और पलक झपकते ही उसकी जेब काट कर लाखों रुपये का सोना और नकदी उड़ा ली। घटना उस समय हुई जब पीड़ित आभूषण बनवाने के लिए स्थानीय ज्वैलर की दुकान की ओर जा रहा था।
शिकायतकर्ता रमन भाटिया ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि वह गढ़शंकर 'कपूर ज्वैलर्स' से लुधियाना के डिवीजन नंबर 4 इलाके में स्थित ज्वैलर के पास गहने बनवाने के लिए आया था। उसके पास एडवांस के तौर कैश और 118 ग्राम 820 मिलीग्राम सोना मौजूद था। जब वह पैदल चलता हुआ प्रताप चौक पहुंचा, तो वहां भारी भीड़ का फायदा उठाकर पीछे से किसी ने उसे जोरदार धक्का दिया।
पीड़ित ने बताया कि भीड़ ज्यादा होने के कारण उसने उस धक्के को सामान्य समझा और अपनी धुन में आगे बढ़ गया। लेकिन असली सच तब सामने आया जब वह दुकान पर पहुंचा। ज्वैलर संजू वर्मा को सोना और पैसे देने के लिए जैसे ही उसने अपनी जैकेट की जेब में हाथ डाला, उसके पैरों तले जमीन खिसक गई। शातिर चोर ने बड़ी सफाई से उसकी जैकेट की जेब काट दी थी और भीतर रखा कीमती सोना व कैश गायब था। लाखों के सोने की चोरी की सूचना मिलते ही इलाके में सनसनी फैल गई और तुरंत पुलिस को सूचित किया गया। थाना डिवीजन नंबर 4 की पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अब प्रताप चौक और आसपास के रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि उस शातिर जेबकतरे की पहचान की जा सके जिसने भीड़ का फायदा उठाकर इस वारदात को अंजाम दिया।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

