लुधियाना में गोबर डालने से रोकना पड़ा भारी! प्रॉपर्टी डीलर के दफ्तर में घुसकर मारपीट-तोड़फोड़

punjabkesari.in Wednesday, Aug 19, 2026 - 10:24 AM (IST)

लुधियाना (राज): दफ्तर के सामने खाली प्लॉट में ट्रैक्टर-ट्राली से गोबर डालने से मना करने पर कुछ अज्ञात हमलावरों द्वारा प्रॉपर्टी व बिल्डिंग मैटीरियल कारोबारी के दफ्तर में घुसकर तोड़फोड़ करने और मारपीट करने का मामला सामने आया है। बीच-बचाव करने पहुंचे कारोबारी के बेटे और पड़ोसी की भी बेरहमी से पिटाई की गई। इसके अलावा दफ्तर के गल्ले से 21 हजार रुपये की नकदी भी गायब पाई गई। दर्शन सिंह की शिकायत पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मुकद्दमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस को दिए बयानों में शिकायतकर्ता  ने बताया कि बीते 16 अगस्त  को दोपहर करीब 12:30 बजे वह अपने दफ्तर में बैठा हुआ था। उसी दौरान कुछ लोग ट्रैक्टर-ट्राली में गोबर भरकर लाए और उसके दफ्तर के ठीक सामने स्थित खाली प्लॉट में उतारने लगे। जब कारोबारी ने उन्हें ऐसा करने से रोका और वहां गंदगी फैलाने पर आपत्ति जताई, तो आरोपी भड़क गए और तैश में आकर गाली-गलौज करने लगे। आरोपियों ने जबरन दफ्तर में घुसकर कारोबारी के साथ मारपीट शुरू कर दी और दफ्तर के सामान की तोड़फोड़ की। शोर सुनकर जब कारोबारी का बेटा गगनदीप सिंह और पड़ोसी सुखजिंदर कुमार उसे बचाने के लिए मौके पर पहुंचे, तो आरोपियों ने उन्हें भी नहीं बख्शा और दोनों के साथ जमकर मारपीट की। इसके बाद आरोपी गंभीर परिणाम भुगतने और जान से मारने की धमकियां देते हुए मौके से फरार हो गए।

हमलावरों के जाने के बाद जब पीड़ित ने अपने दफ्तर की जांच की, तो दफ्तर में रखे 21,000 रुपये नकद भी गायब मिले घटना के बाद पीड़ित पक्ष ने तुरंत संबंधित थाने पहुंचकर पुलिस को पूरी आपबीती बताई। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शिकायतकर्ता के बयानों के आधार पर आरोपियों के खिलाफ मारपीट, तोड़फोड़, चोरी और जान से मारने की धमकियां देने की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vatika

Related News