डॉ. भीमराव आंबेडकर प्रतिमा का अपमान मामला, दलित समाज ने दिया Ultimatum

punjabkesari.in Thursday, Sep 10, 2026 - 06:43 PM (IST)

लुधियाना (राज) : जालंधर बाईपास चौक पर भारत रत्न डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा के अनादर को लेकर भड़के भारी जनआक्रोश के बीच महानगर में स्थिति को सामान्य और शांतिपूर्ण बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद हो गया है। इसी कड़ी में पुलिस कमिश्नर स्वप्न शर्मा ने पुलिस लाइन में दलित समाज के प्रमुख नेताओं, प्रतिनिधियों और सामाजिक संगठनों के साथ एक विशेष व उच्चस्तरीय बैठक की। 

बैठक के दौरान समाज के प्रतिनिधियों ने घटना पर गहरा रोष जताते हुए पुलिस प्रशासन को स्पष्ट चेतावनी दी कि इस घिनौने कृत्य में शामिल मुख्य आरोपियों को एक सप्ताह के भीतर गिरफ्तार किया जाए। यदि तय समय सीमा में आरोपियों को सलाखों के पीछे नहीं भेजा गया, तो दलित समाज एक बार फिर सड़कों पर उतरकर बड़े पैमाने पर उग्र आंदोलन छेड़ने को मजबूर होगा।

पुलिस लाइन में आयोजित इस बैठक में विभिन्न दलित संगठनों, धार्मिक संस्थाओं और समाज के गणमान्य लोगों ने हिस्सा लिया। प्रतिनिधियों ने सीपी स्वप्न शर्मा के समक्ष अपनी बात रखते हुए कहा कि संविधान निर्माता की प्रतिमा का अपमान केवल एक वर्ग का नहीं, बल्कि पूरे देश का अपमान है और इससे समाज की धार्मिक व सामाजिक भावनाएं बुरी तरह आहत हुई हैं। नेताओं ने कहा कि बुधवार को नेशनल हाईवे पर किए गए शांतिपूर्ण चक्का जाम के बाद पुलिस द्वारा दिए गए आश्वासन के आधार पर ही धरना समाप्त किया गया था। 

समाज के नेताओं ने दो-टूक शब्दों में कहा कि प्रशासन की ढिलाई अब किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यदि 7 दिनों के भीतर पुलिस साजिशकर्ताओं और दोषियों को बेनकाब नहीं करती, तो संघर्ष की अगली रूपरेखा तैयार कर राज्यव्यापी स्तर पर प्रदर्शन किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी। दलित समाज के प्रतिनिधियों की बातों को गंभीरता से सुनते हुए पुलिस कमिश्नर स्वप्न शर्मा ने उन्हें विश्वास दिलाया कि लुधियाना कमिश्नरेट पुलिस इस मामले को अत्यंत संवेदनशीलता और प्राथमिकता के साथ देख रही है। 

सीपी स्वप्न शर्मा ने बताया कि घटना के तुरंत बाद संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया था और इलाके के तमाम सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के लिए विशेष पुलिस टीमों का गठन किया गया है। टेक्निकल सेल और साइबर विंग भी असामाजिक तत्वों की पहचान करने में जुटे हुए हैं। उन्होंने समाज से शहर में अमन-शांति और आपसी भाईचारा बनाए रखने की अपील करते हुए भरोसा दिया कि पुलिस जल्द ही आरोपियों को दबोचकर कानून के कटघरे में खड़ा करेगी और किसी भी उपद्रवी को बख्शा नहीं जाएगा।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Kamini

Related News